22 अप्रैल । जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान की कड़ी आलोचना की है। जदयू नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं होता, इसलिए उसके नेता अभद्र टिप्पणियों का सहारा लेते हैं। जदयू नेताओं ने खड़गे के विवादित बयान पर माफी की मांग भी की।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह एक बहुत ही गलत बयान है। वे देश के चुने हुए प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनता के जनादेश के माध्यम से चुना गया है। चुनावी फायदे के लिए उन्हें ‘आतंकवादी’ कहना… मेरा मानना है कि कांग्रेस पार्टी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।”
नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता की ओर से ऐसी भाषा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। इस मामले पर संसद में भी चर्चा होगी।
वहीं, जदयू विधायक कोमल सिंह ने कहा, “ऐसी टिप्पणियां अत्यंत निंदनीय हैं। मैं बस एक ही बात कहना चाहूंगी कि जब विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं होता, जब उनके पास कोई मुद्दा नहीं होता, तो वे कभी नीतियों पर चर्चा नहीं करते, बल्कि वे हमेशा ऐसी अभद्र टिप्पणियां करने का सहारा लेते हैं। वे कभी बिहार में हमारे नेता (नीतीश कुमार) को अपशब्द कहते हैं, तो कभी हमारे प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहते हैं।”
विधायक कोमल सिंह ने आगे कहा, “पूरा देश जानता है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लिए बहुत अच्छा काम किया है और आगे भी करते रहेंगे।”
इससे पहले, भाजपा नेताओं ने खड़गे की बयान की निंदा की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से ‘आतंकवादी’ जैसे शब्द का प्रयोग करना 140 करोड़ देशवासियों के जनादेश का घोर अपमान है। मुद्दा और विजन विहीन कांग्रेस आगामी 5 राज्यों के चुनाव में होने वाली हार के डर से बौखला गई है। महिलाओं के अधिकारों को छीनने की कोशिश में देशभर में जनता के आक्रोश का शिकार हो रही है, अपने खोते जनाधार से चिढ़े कांग्रेस के नेता देश के प्रधानमंत्री मोदी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रहे हैं।”
जेपी नड्डा ने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष की शर्मनाक और अपमानजनक शब्दावली की जितनी कड़े शब्दों में निंदा की जाए कम है। प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का जवाब देश की जनता कांग्रेस को जरूर देगी।”
बता दें कि भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ चुनाव आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में खड़गे की ओर से प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर कानून कार्रवाई की मांग की।


Leave feedback about this