June 4, 2026
Entertainment

‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ में सुनील शेट्टी ने की शिरकत, बोले- बच्चों को खेलों से जोड़िए, गलत रास्तों से खुद दूर रहेंगे

Sunil Shetty participated in the ‘Khasdar Sports Festival’ and said, “Involve children in sports, they will stay away from wrong paths themselves.”

महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित ‘खासदार क्रीड़ा महोत्सव’ के उद्घाटन समारोह में रविवार को अभिनेता सुनील शेट्टी ने शिरकत की, जहां उन्होंने युवाओं के बीच खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि युवाओं को नशे और अन्य गलत आदतों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

यह भव्य आयोजन 31 मई से 7 जून तक चलेगा। आयोजन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ पहुंचे अभिनेता सुनील शेट्टी ने बच्चों और युवाओं में खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों का ध्यान खेलों की ओर रहे तो वे गलत रास्तों से अपने आप दूर रहेंगे।

सुनील शेट्टी ने युवाओं में बढ़ रही ड्रग्स की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा, “खेल, सेहत, वेलनेस और शिक्षा ही इसका सबसे अच्छा समाधान है।” उन्होंने नागपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां लाखों बच्चे खेलों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। जब बच्चों का ध्यान खेल पर होता है तो उनके मन में दूसरी गलत चीजों के लिए जगह नहीं बचती। अभिनेता ने अपनी जिंदगी का भी जिक्र करते हुए कहा, “मेरी जिंदगी में जो भी अच्छा हुआ है, वह सिर्फ खेलों के प्रति लगाव की वजह से हुआ है। आज भी लोग मुझे फिटनेस और स्वास्थ्य के लिए सराहते हैं, वह सब खेलों से प्यार का नतीजा है।”

सुनील शेट्टी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों की ओर प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन बहुत जरूरी हैं ताकि सही संदेश लोगों तक पहुंचे। मेरा मानना है कि बेहतर स्वास्थ्य खेल से अच्छा कुछ भी नहीं है।”

उन्होंने नागपुर की तारीफ करते हुए कहा कि यहां 50 से ज्यादा खेलों में बच्चे सक्रिय हैं, जो बहुत ही अच्छी बात है। देशभर में ऐसे आयोजनों की जरूरत है ताकि युवा पीढ़ी स्वस्थ और सकारात्मक बनी रहे। इस महोत्सव में 18 से अधिक खेलों के हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service