N1Live Entertainment ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का शुक्रिया अदा करने उज्जैन पहुंचे सुनील शेट्टी
Entertainment

‘बॉर्डर 2’ की सफलता का शुक्रिया अदा करने उज्जैन पहुंचे सुनील शेट्टी

Sunil Shetty reached Ujjain to thank for the success of 'Border 2'.

11 फरवरी । मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी मंगलवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाकाल के दर्शन किए। मंदिर परिसर में अभिनेता ने पहले बाबा को फूल और प्रसाद चढ़ाया और उनके सामने हाथ जोड़े बैठे दिखे। माथे पर लाल चंदन लगाए अभिनेता ने नंदी महाराज के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वे फिल्म ‘बॉर्डर-2’ की सफलता के लिए शुक्रिया अदा करने आए हैं।

उन्होंने कहा कि यहां पर इतनी जल्दी आने का मेरा कोई प्लान नहीं था। हां, मुझे मालूम था कि मैं यहां पर दोबारा जरूर आऊंगा, लेकिन 20 दिन के अंदर आऊंगा, ये नहीं पता था और मैंने इस बारे में कभी सोचा भी नहीं था।

उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने बाबा से बहुत सारी चीजों के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा, “बहुत सारी चीजें बाबा से मांगी हैं और खासकर सभी के स्वास्थ्य को लेकर बाबा से कामना की है कि हम सभी लोग स्वस्थ रहें। उससे बढ़िया और कुछ नहीं मांग सकते हैं। हां, अभी अहान की फिल्म रिलीज हुई है, जो बहुत अच्छी जा रही है, उसके लिए भी शुक्रिया अदा किया। और बाबा के सामने माथा टेका। मेरी कोशिश यही रहती है कि बाबा की नजरों में बने रहें और सही काम करते रहें।”

बता दें कि अभिनेता अक्सर महाकाल के दर्शन के लिए जाते रहते हैं। इससे पहले वे अपने बेटे अहान शेट्टी की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से पहले गए थे। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया था कि इस बार उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए बाबा से कामना की।

उन्होंने कहा था, “मैं हमेशा बाबा से परिवार के लिए बेहतर स्वास्थ्य मांगता हूं, लेकिन इस बार अहान की फिल्म बॉर्डर-2 की सफलता के लिए बाबा के दर पर आया हूं कि फिल्म अच्छी जाए और दर्शकों का भरपूर प्यार मिले, क्योंकि एक फिल्म के चलने से बहुत सारे लोगों के घर चलते हैं।”

Exit mobile version