July 13, 2026
Entertainment

‘गोविंदा 50 अफेयर भी करें तब भी…’ वाले बयान पर बोलीं सुनीता आहूजा- ‘मुझे किसी बात का पछतावा नहीं’

Sunita Ahuja speaks on the ‘Even if Govinda has 50 affairs…’ statement: ‘I have no regrets.’

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहते हैं। इसी बीच सुनीता आहूजा एक बार फिर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में उन्होंने अपने पति गोविंदा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी।

सुनीता ने कहा था कि अगर गोविंदा के 50 अफेयर भी हों, तब भी वह उन्हें नहीं छोड़ेंगी, क्योंकि वह उनके पति हैं।

शो के दौरान सुनीता आहूजा ने अपनी बात खुलकर रखी। शिल्पा शिंदे और राम कपूर से बातचीत में उन्होंने कहा, ”मेरी जगह खुद को रखकर देखो, तब समझोगे कि मैं क्या महसूस करती हूं। वह मेरे पति हैं। मेरे परिवार के बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता। अगर मेरे पति के 50 अफेयर भी हों, तो इससे किसी और का क्या जाता है? वह मेरे पति हैं और मैं उनकी पत्नी हूं।” उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ लोगों ने उनके रिश्ते पर भरोसे की तारीफ की, तो कुछ ने उनके बयान पर सवाल भी उठाए।

अब शो से बाहर आने के बाद आईएएनएस ने जब सुनीता आहूजा से पूछा कि क्या उन्हें अपने इस बयान पर कोई पछतावा है, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ”मुझे किसी भी बात का कोई पछतावा नहीं है। मैंने जो भी कहा, वह दिल से कहा और आज भी उसी बात पर कायम हूं।”

सुनीता ने आगे अपने और गोविंदा के रिश्ते के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ”अगर आपका प्यार सच्चा है, जैसा मेरा और गोविंदा का है, तो आपको अपने रिश्ते पर भरोसा रखना चाहिए। हमारी शादी को 40 साल हो चुके हैं। सच्चे रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत विश्वास होता है। पत्नी की जगह इस दुनिया में कोई नहीं ले सकता। पत्नी हमेशा पत्नी ही रहती है।”

बता दें कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी साल 1987 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। लंबे समय से यह जोड़ी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती रही है।

Leave feedback about this

  • Service