N1Live Entertainment शादी से पहले आईवीएफ के जरिए मां बनना चाहती थीं स्वरा भास्कर, बोलीं-‘ माता-पिता को मना लिया था’
Entertainment

शादी से पहले आईवीएफ के जरिए मां बनना चाहती थीं स्वरा भास्कर, बोलीं-‘ माता-पिता को मना लिया था’

एक्ट्रेस स्वरा भास्कर बेबाक राय और निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात करने के लिए जानी जाती हैं। इन दिनों वह रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2′ का हिस्सा हैं, जहां गेम के साथ-साथ कंटेस्टेंट्स अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्से भी शेयर कर रहे हैं। इसी दौरान स्वरा ने मां बनने की अपनी इच्छा और परिवार शुरू करने को लेकर एक निजी अनुभव साझा किया, जिसने सबका ध्यान खींचा।

स्वरा ने बताया कि शादी से पहले ही उन्होंने मां बनने के बारे में सोच लिया था। उस समय उन्हें लग रहा था कि शायद उनकी शादी नहीं होगी, इसलिए उन्होंने आईवीएफ के जरिए बच्चा करने का फैसला करने तक की तैयारी कर ली थी। इस फैसले के लिए उन्होंने माता-पिता को भी मना लिया था।

शो में बातचीत के दौरान स्वरा ने बताया कि उस वक्त उनकी सबसे बड़ी इच्छा मां बनने और अपना परिवार शुरू करने की थी। उन्होंने कहा, ”मैं आईवीएफ के लिए तैयार थी। मैंने अपने माता-पिता को भी मना लिया था। मेरी शादी तो होने से रही, मैं आईवीएफ से बच्चा करूंगी।”

स्वरा ने आगे बताया कि उनके माता-पिता ने उनकी इच्छा का विरोध नहीं किया। उन्होंने अपनी बेटी का साथ दिया, हालांकि साथ ही उन्हें आईवीएफ के रास्ते में आने वाली मुश्किलों के बारे में समझाया। स्वरा ने अपने पैरेंट्स के बारे में कहा, ”बेचारे मेरे पैरेंट्स, बड़े स्वीट लोग हैं। उन्होंने कहा कि सुनो, यह बहुत चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन अगर तुम यही चाहती हो तो ठीक है।”

इसके बाद स्वरा ने बताया कि उन्होंने अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए आईवीएफ की कोशिश भी की। उन्होंने आईवीएफ के दो राउंड करवाए, लेकिन दोनों बार उन्हें सफलता नहीं मिली। स्वरा ने कहा, ”मैं सच में बच्चा चाहती थी और अपनी फैमिली चाहती थी। मैंने आईवीएफ के दो राउंड किए, लेकिन हुआ नहीं।’

स्वरा का यह खुलासा ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में सामने आया है, जिसे पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं। शो में स्वरा निजी जिंदगी के अनुभवों के अलावा अपने बेबाक अंदाज को लेकर भी लगातार चर्चा में हैं। शो शुरू होने के शुरुआती दिनों में ही उनका को-कंटेस्टेंट शहजाद पूनावाला के साथ कई मुद्दों पर मतभेद देखने को मिला है। दोनों के बीच हुई बहसों ने शो के दर्शकों का ध्यान खींचा।

स्वरा की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने राजनेता फहाद अहमद से शादी की है। दोनों एक बेटी के माता-पिता हैं, जिसका नाम राबिया है। ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर फ्री में उपलब्ध है।

Exit mobile version