October 9, 2026
National

कांशीराम के मिशन को मंजिल तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को पार्टी के संस्थापक कांशीराम को उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ”देश में जाति के आधार पर सदियों से तोड़े व पछाड़े गए खासकर ’बहुजन समाज’ के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों एवं अन्य कमजोर तबकों आदि को उनके वोट की ताकत के माध्यम से सत्ता की मास्टर चाबी देकर उन्हें शोषित से शासक वर्ग बनाने हेतु इनके मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के रुके एवं बिखरे हुए कारवां को आगे मंजिल तक पहुंचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम को आज उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर बसपा परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि व अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित।”

उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम के मिशनरी संकल्प का ही सुखद परिणाम था कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और महत्वपूर्ण राज्य में उनके नेतृत्व में बसपा की चार बार सरकार बनी। इन सरकारों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के ऐतिहासिक कार्य किए गए।

मायावती ने कहा कि बहुजन समाज में समय-समय पर जन्मे महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों, विशेषकर महात्मा ज्योतिबा फुले, श्री नारायण गुरु, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समता और समानता के अधिकार के लिए किए गए अतुलनीय संघर्ष तथा बहुमूल्य योगदान को जमीनी स्तर पर उतारकर संविधान की पवित्र मंशा को पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में सर्वसमाज के हित में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामलों में कानून द्वारा कानून का राज कायम किया गया। साथ ही जनहित, जनकल्याण और विकास के मामलों में भी बेहतरीन सरकार देकर मान्यवर कांशीराम को सच्ची श्रद्धांजलि और श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।

Leave feedback about this

  • Service