N1Live National तमिलनाडु: सिंगप्पन स्पेशल टास्क फोर्स लॉन्च करेंगे सीएम विजय, कर्मचारियों की सभी जिलों में होगी तैनाती
National

तमिलनाडु: सिंगप्पन स्पेशल टास्क फोर्स लॉन्च करेंगे सीएम विजय, कर्मचारियों की सभी जिलों में होगी तैनाती

Tamil Nadu: CM Vijay to launch Singappan Special Task Force, personnel to be deployed in all districts

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय मंगलवार को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बनाई गई विशेष पुलिस इकाई ‘सिंगप्पन स्पेशल टास्क फोर्स’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह शाम 5 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू रजारत्नम स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। यह विशेष बल मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय द्वारा की गई पहली बड़ी घोषणाओं में से एक था।

अधिकारियों के अनुसार, यह पहल महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने, त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के. भावनीस्वरी को इस बल की पहली इंस्पेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है।

नई इकाई में 30 से अधिक पुलिस कर्मी शामिल हैं, जिनमें एक पुलिस अधीक्षक, दो डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस , चार इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। इस बल को एक अलग पहचान देने के लिए सरकार ने विशेष वर्दी भी तय की है। महिला पुलिसकर्मी और महिला सब-इंस्पेक्टर नीली शर्ट और खाकी पैंट पहनेंगे। इसके साथ उन्हें काले कैप और काले जूते भी दिए गए हैं। यह विशेष वर्दी उन्हें ड्यूटी के दौरान आसानी से पहचानने योग्य बनाएगी।

सिंगप्पन स्पेशल टास्क फोर्स का उद्घाटन पहले 29 मई को तय था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से कार्यक्रम को अंतिम समय पर स्थगित कर दिया गया था। अब मंगलवार को इसका औपचारिक शुभारंभ होने के बाद यह बल तुरंत काम शुरू करेगा। उद्घाटन समारोह के बाद सिंगप्पन बल के कर्मियों को तमिलनाडु के सभी जिलों में तैनात किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस टास्क फोर्स का गठन महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर तेज और समन्वित कार्रवाई के लिए किया गया है। यह बल शिकायतों के निपटारे, आपात स्थिति में त्वरित हस्तक्षेप, निवारक पुलिसिंग, निगरानी, पीड़ित सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों पर भी ध्यान देगा।

सिंगप्पन स्पेशल टास्क फोर्स का शुभारंभ विजय सरकार की कानून-व्यवस्था से जुड़ी प्रमुख पहलों में से एक माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इस विशेष इकाई के गठन से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जनता का भरोसा बढ़ेगा और राज्य में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित होगा।

Exit mobile version