June 24, 2026
National

दिल्ली के ख्याला में घर में भीषण आग लगने से किशोर की मौत, महिला घायल

Teenager killed, woman injured in massive house fire in Delhi’s Khyala

दिल्ली के ख्याला में घर में भीषण आग लगने से किशोर की मौत, महिला घायल

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के ख्याला इलाके में स्थित एक घर में बुधवार को आग लग गई। इस आग की चपेट में आकर 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।

मृतक की पहचान जसप्रीत के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान स्वमजीत कौर (65) के रूप में हुई है।

दिल्ली दमकल विभाग के मुताबिक, बुधवार तड़के 2:45 बजे एक फोन कॉल आया था, जिसमें यह बताया गया था कि ख्याला के विष्णु गार्डन स्थित एक घर के ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, इस दौरान जसप्रीत और स्वमजीत कौर घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही दोनों घायलों को रघुवीर नगर स्थित गुरू गोबिंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनंत्रा ने जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया।

इस बीच, संबंधित अधिकारियों ने बताया कि स्वमजीत कौर 35 फीसदी जल चुकी थीं और फिलहाल उनका इलाज जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि यह आशंका है कि ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर से आग शुरू हुई। इसके बाद यह पूरे फ्लोर पर फैल गई।

दमकल विभाग के मुताबिक, इससे पहले दिल्ली के विजय विहार फेज 2 में स्थित तीन मंजिला मकान में आग लग गई थी। इसके बाद वहां रहने वाले सभी लोगों को रेस्क्यू टीम ने बचा लिया था।

अधिकारियों के मुताबिक, दमकल विभाग को मंगलवार सुबह 7:06 बजे यह सूचना मिली थी कि विजय विहार फेज-2 के गली नंबर 5 में स्थित एक घर में आग लग गई है। इसके बाद दमकल विभाग से जुड़ी तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया।

दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले घर के पास स्थित पार्किंग एरिया से आग की शुरुआत हुई। इसके बाद यह धीरे-धीरे ऊपर की मंजिल पर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जो लोग घर में फंस गए थे, उन्हें दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। इसके बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Leave feedback about this

  • Service