दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।\पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात 08:45 बजे डीडी नंबर 93 पर एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें कालकाजी मंदिर, इस्कॉन मंदिर के पास रेप की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 17 साल की है और अपनी एक अन्य 17 साल की दोस्त के साथ दिल्ली के कालकाजी मंदिर आई थी। शाम 7 बजे मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क के अंदर चली गईं। पीड़िता ने बताया कि सोमवार शाम 7:30 बजे 25 से 30 साल की उम्र के तीन लोग वहां आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों नाबालिगों को धमकाया। पीड़िता के मुताबिक, उनमें से एक ने उसकी दोस्त को पकड़ लिया और उसके बाद उससे दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले के एक आरोपी को पुलिस के साथ हुई थोड़ी देर की फायरिंग के बाद पकड़ लिया गया है। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “आसिफ नामक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है। मुठभेड़ में उसे गोली लगी है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।” पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसकी काउंसलिंग भी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन किया गया है जो बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।


Leave feedback about this