N1Live National तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर साधा निशाना, पूछा- बिहार पिछड़ा क्यों
National

तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर साधा निशाना, पूछा- बिहार पिछड़ा क्यों

Tejashwi targeted the NDA government, asking why Bihar is backward

12 मार्च । राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एनडीए की डबल इंजन सरकार पर जोरदार निशाना साधते हुए सवाल पूछा है कि 21 वर्षों की एनडीए सरकार में बिहार विकास के सभी मानकों पर पिछड़ा क्यों है।

उन्होंने गुरुवार की सुबह सोशल मीडिया पर पर एक सूची जारी की। बिहार कहां आगे हुआ और कहां पिछड़ गया? 21 साल में एनडीए ने क्या किया? इन सब सवालों का जवाब इस सूची के जरिए तेजस्वी यादव ने जनता को दिया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार एक अनोखा और अनूठा प्रदेश है जहां दशकों से एनडीए की डबल-इंजन सरकार है। सूची में उन्होंने कहा – देश का सबसे गरीब राज्य, देश में सबसे अधिक पलायन, देश में सबसे अधिक अपराध, देश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार, देश में सबसे अधिक बेरोजगारी, देश में सबसे अधिक बहुआयामी गरीबी, देश में सबसे अधिक स्कूल ड्राप आउट, देश में सबसे कम साक्षरता दर, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति आय बिहार में है।

उन्होंने आगे लिखा, “देश में सबसे कम किसानों की आय- बिहार, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति निवेश- बिहार, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति उपभोग- बिहार, देश में सबसे कम कंप्यूटर साक्षरता- बिहार, देश में सबसे कम बिजली खपत- बिहार, देश में सबसे कम बुनियादी सुविधा- बिहार।”

उन्होंने बिहार को ‘आगे’ बताते हुए कहा, “महंगी गैस खरीदने में आगे- बिहार , महंगी बिजली खरीदने में आगे- बिहार, महंगा पेट्रोल-डीजल खरीदने में आगे- बिहार और दिल्ली-मुंबई से महंगी प्रॉपर्टी और जमीन- बिहार।”

राजद के नेता तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि 21 वर्षों की एनडीए सरकार में बिहार विकास के सभी मानकों, मानदंडों और सूचकांकों में सबसे फिसड्डी है लेकिन इन शर्मनाक तथ्यों और रैंकिंग पर किसी की कभी कोई जवाबदेही नहीं। बस पलटा-पलटी, प्रशासनिक तंत्र, सरकारी खजाने से वोट खरीदी, वोट की लूट और जातिवाद के सहारे कथित सुशासन वाले लोग सत्ता का आनंद भोग रहे हैं।

Exit mobile version