October 22, 2024
National

महागठबंधन में तेजस्वी यादव का अब कोई अस्तित्व नहीं बचा : नित्यानंद राय

पटना, 22 अक्टूबर । झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर मची तकरार के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को रांची में कोई भाव नहीं दे रहा है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को रांची में कोई भाव नहीं दे रहा है। महागठबंधन के लोग समझ रहे हैं बिहार की जनता ने तो उन्हें पूछा नहीं और अब झारखंड की जनता भी उन्हें नकार देगी। महागठबंधन में अब उनका कोई अस्तित्व नहीं बचा है।

उन्होंने आगे कहा, “तेजस्वी यादव और आरजेडी ने हमेशा से ही बिहार में जातिवाद और धर्म के नाम पर नफरत फैला कर राजनीति की है, इन लोगों को जनता समझ चुकी है। बिहार के लोग जानते हैं कि राजद और तेजस्वी ने अपराधियों को संरक्षण दिया है। बिहार के लोगों को अपने यहां विकास चाहिए और वह अपने बच्चों का अच्छा भविष्य चाहते हैं। मगर लालू यादव के समय कानून व्यवस्था लचर थी। तेजस्वी भी यही करते थे, इसलिए नीतीश कुमार उनसे अलग हुए। राजद ने पूरे बिहार में जो तांडव मचाया, वह जनता जानती है। उन्होंने सिर्फ अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया है।”

उन्होंने लालू यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में इस समय एक अच्छी सरकार चल रही है। लेकिन, लालू यादव के समय तो प्रदेश में जंगलराज कायम था। बिहार में उस समय उन्होंने जो तांडव मचाया था, उससे सभी वाकिफ हैं। कांग्रेस और राजद परिवारवादी पार्टी है, उन्होंने जीवन भर परिवार के लिए काम किया है।

झारखंड विधानसभा चुनाव में मिली जिम्मेदारी पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि भाजपा में कार्यकर्ता हो या नेता, उसे जो भी जिम्मेदारी मिलती है। वह उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभाता है। पीएम मोदी खुद को भाजपा एक कर्मठ सिपाही मानते हैं। झारखंड में कार्यकर्ता के रूप में मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, मैं उसका निर्वहन करूंगा।

Leave feedback about this

  • Service