June 24, 2026
National

ठाणे कोर्ट ने आईएसआई मॉड्यूल से जुड़े हुजैफा को दिल्ली ले जाने की अनुमति, तीन दिन का ट्रांजिट वारंट मंजूर

Thane court grants three-day transit warrant to take ISI module accused Huzaifa to Delhi

3 जून । दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस द्वारा संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल से जुड़े आरोपी हुजैफा फारूक अहमद हाशमी (26) को बुधवार को ठाणे कोर्ट में पेश किया गया। हुजैफा को मुंबई से सटे मीरा-भायंदर इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

कोर्ट में पेशी के दौरान न्यायाधीश ने आरोपी से पूछा कि क्या उसे अपनी गिरफ्तारी के कारण की जानकारी है। इस पर हुजैफा ने जवाब दिया कि उसे इस बारे में जानकारी है।

सुनवाई के दौरान दिल्ली स्पेशल सेल और एटीएस की टीम ने अदालत के समक्ष आरोपी के चैट रिकॉर्ड और बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़े स्क्रीनशॉट पेश किए। जांच एजेंसियों ने अदालत से आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने की अनुमति मांगी।

अदालत ने जांच एजेंसियों से पूछा कि आरोपी को दिल्ली कैसे ले जाया जाएगा। इस पर स्पेशल टीम ने बताया कि उसे ट्रेन के माध्यम से दिल्ली ले जाया जाएगा। जब कोर्ट ने यात्रा की अवधि के बारे में जानकारी मांगी तो टीम ने तीन दिन का ट्रांजिट वारंट जारी करने का अनुरोध किया। अदालत ने इस मांग को स्वीकार करते हुए तीन दिन का ट्रांजिट वारंट मंजूर कर दिया।

अब आरोपी हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को परसों दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया चलेगी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हुजैफा पिछले एक महीने से पाकिस्तान में बैठे यावर खान के संपर्क में था। एजेंसियां दोनों के बीच हुई बातचीत, वित्तीय लेन-देन और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, हुफेजा अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए मीरा-भायंदर आया हुआ था, तभी दिल्ली स्पेशल सेल और एटीएस की संयुक्त टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के समय किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया था।

इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और उसके संपर्क में आए अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।

Leave feedback about this

  • Service