N1Live National राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विरोध का मकसद धर्म का अपमान नहीं, सरकार से जवाब मांगना : सपा
National

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विरोध का मकसद धर्म का अपमान नहीं, सरकार से जवाब मांगना : सपा

The aim of the protest over the theft of offerings at the Ram Temple is not to insult religion, but to demand answers from the government: SP

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर सनातन धर्म के अपमान के भाजपा के आरोप पर समाजवादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे लोगों का उद्देश्य किसी धर्म का अपमान करना नहीं, बल्कि चढ़ावा चोरी के मामले में सरकार से जवाब मांगना था।

पल्लवी पटेल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि यदि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी किसी तरह की चोरी या गड़बड़ी हुई है, तो सरकार को सामने आकर इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग अलग-अलग मंचों और तरीकों से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचा रहे हैं और यह जानना चाहते हैं कि यदि कोई घटना हुई है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनता सिर्फ पारदर्शिता चाहती है। अगर जांच चल रही है तो सरकार को उसके बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए, ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 पर बात करते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि आगामी चुनाव प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण लेकर आएगा। इस बार कई पुराने राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हमेशा समसामयिक मुद्दों पर सजग रहा है और सभी राजनीतिक दल अपने-अपने संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के मुद्दों को सामने रख रहे हैं।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी अयोध्या में अपने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा कर रही है। साथ ही जनता के बीच मौजूद समस्याओं और सवालों को सरकार तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की जा रही है। वहीं समाजवादी पार्टी के विधायक कमाल अख्तर ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में समाज का हर वर्ग किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और कानून-व्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन पर चर्चा से बचना चाहती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया और अब जनता उन वादों का हिसाब मांगेंगी। सनातन धर्म के अपमान के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कमाल अख्तर ने कहा कि भाजपा किसी धर्म की ठेकेदार थोड़ी है। भारत में रहने वाला हर व्यक्ति अपने धर्म का सम्मान करना जानता है और किसी को भी दूसरों को धर्म का पाठ पढ़ाने की आवश्यकता नहीं है।

Exit mobile version