April 13, 2026
National

फर्रुखाबाद में ससुराल आए युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, हत्या का आरोप

The body of a young man who had come to his in-laws’ house in Farrukhabad was found hanging from a tree, allegations of murder

12 अप्रैल । जिले के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम ज्योंता में ससुराल आए एक युवक का शव आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला है। यह जानकारी फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एटा जिले के थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर मैनपुरी रोड निवासी राम अवतार के 35 वर्षीय बेटे संजय कुमार का शव ज्योता निवासी जोगेंद्र सिंह के खेत में खड़े आम के पेड़ पर रविवार सुबह लटका मिला। सुबह शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना मृतक के ससुराल पक्ष को दी। इसके बाद ससुर नरेश चंद्र द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतक संजय कुमार के पिता रामअवतार ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। संजय तीन दिन पहले दिल्ली से घर लौटा था और 11 अप्रैल को ससुराल आया था, जहां सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

मृतक की पत्नी मोनी ने बताया कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पति उसे पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दे रहा था और स्वयं आत्महत्या करने की बात भी कर रहा था। विवाद बढ़ने पर डायल 112 को सूचना भी दी गई थी। पत्नी ने यह भी बताया कि दिल्ली में किसी महिला से उसके पति का कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर आए दिन विवाद होता था।

संजय पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी वर्ष 2009 में मोनी से हुई थी, और उसके दो बच्चे, सौम्या (14) और अंशु (12) हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया, मां सूरजमुखी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service