सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल विकास योजना’ लॉन्च की है, जिसके तहत ट्रेनिंग के बाद कंपनियों में सीधा प्लेसमेंट मिलेगा और इसके लिए कई कंपनियों के साथ एमओयू भी साइन हुए हैं। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा, वे सिर्फ सुर्खियों के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा, आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं के लिए नई योजना लॉन्च की है। यह पूरे प्रदेश में युवाओं को कौशल विकास से जोड़ेगी और ट्रेनिंग सेंटर से उन्हें कंपनी प्लेसमेंट के माध्यम से सीधे रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए विभिन्न कंपनियों से भी एमओयू साइन किए गए हैं। मैं प्रदेश के सभी युवाओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट करता हूं। सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि प्रदेश और देश के युवा सीधे भारत की एकता और अखंडता से जुड़कर विकसित भारत में अपना योगदान दें।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यूपी कांग्रेस के पास कोई काम बचा नहीं है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, इंडिया गठबंधन के लोग चाहते हैं कि ढंग से अलोकतांत्रिक काम किए जाएं, प्रदेश को, देश को डिस्टर्ब किया जाए। आज जब विकसित भारत का संकल्प एक तरफ पीएम मोदी ने लिया है और उत्तर प्रदेश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है जबकि विपक्ष को केवल नकारात्मकता दिखाई दे रही है। इनको चाहिए कि चुनाव में जाएं, सीधे जनता से बात करें। यह आंदोलन इसलिए कर रहे हैं कि अखबार की सुर्खियां बने रहें और 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव हो जाने के बाद, जब तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन जाएगी, तब ये लोग एक भी आंदोलन नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह केवल गुमराह करने के लिए, अपना चेहरा छुपाने के लिए, संभावित हार को देखकर तरह-तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। यूपी में 2027 के चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आ रही है। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग यह तय कर चुके हैं कि गुंडे-माफियाओं को प्रदेश से बाहर करना है।
वहीं, भाजपा एमएलसी और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री परिणय फुके ने कहा, “जिस प्रकार से संविधान ने इस देश में विपक्षी दलों को अपना विषय रखने के लिए संसद की स्थापना की, लोकसभा की स्थापना की, उसमें निश्चित रूप से आप अपना विषय रख सकते हैं, विपक्ष अपना विषय रख सकता है। जो भी विरोध करना है, वह कर सकते हैं। इस प्रकार से रास्ते पर महाभियोग चलाने का जो राहुल गांधी जी प्रयत्न कर रहे हैं, निश्चित ही यह संविधान के खिलाफ है। इस देश में संविधान के खिलाफ वातावरण निर्माण करने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि एक नैरेटिव इस देश में ऐसा फैलाया जा रहा है कि जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, ये कोई काम की नहीं हैं या ये गलत काम कर रही हैं। जिस प्रकार से संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार राहुल गांधी आरोप लगा रहे हैं, इससे उनके जो मंसूबे हैं कि देश के नागरिकों का संविधान के प्रति विश्वास कम हो, संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास कम हो, वह स्पष्ट दिखाई देता है। देश में संविधान हटाकर कम्युनिस्ट विचारधारा लाने का राहुल गांधी का प्रयत्न है और इसलिए इस प्रकार के महाभियोग और इस प्रकार के आंदोलन कर रहे हैं।
राहुल गांधी के रेड फ्लैग वाली टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कल ही वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट आई है, जिसमें 50.6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं और यह सिर्फ इसलिए हो पाया क्योंकि इस देश में राष्ट्रवादी सरकार है। इस देश में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार पिछले 12 साल से काम कर रही है।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा कि एकात्म मानववाद के विचार से इस देश में सरकार चल रही है और इसी कारण इस देश में हर गरीब व्यक्ति तक सभी योजनाएं पहुंच रही हैं। गांव के आखिरी व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने का काम किया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति के हाथ को काम मिलना चाहिए, इसके लिए मोदी जी 12 साल से प्रयत्न कर रहे हैं। यह आरएसएस का विचार है, जिसके कारण इतने बड़े पैमाने पर लोग गरीबी रेखा के ऊपर आए हैं। मुझे ऐसा लगता है कि विश्व बैंक की जो रिपोर्ट है, यह राहुल गांधी जैसे लोगों के मुंह पर एक बड़ी चपत है।


Leave feedback about this