October 12, 2026
National

रियाद एयरपोर्ट पर हमले में मारे गए हैदराबाद के टेक कर्मचारी ने परिवार को ‘उमराह’ के लिए बुलाया था

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में मारे गए भारतीय टेक प्रोफेशनल मोहम्मद यूसुफ अली ने अपने परिवार को ‘उमराह’ के लिए सऊदी अरब बुलाया था। वे पवित्र शहर मदीना के लिए निकलने ही वाले थे कि तभी एयरपोर्ट पर हमला हो गया।

हैदराबाद के रहने वाले आईटी इंजीनियर यूसुफ अली (46) पिछले 10 साल से रियाद में काम कर रहे थे। उन्होंने ‘उमराह’ के लिए अपनी पत्नी और तीन बच्चों को लगभग 10 दिन पहले सऊदी अरब बुलाया था। रिश्तेदारों को मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को यूसुफ अली, उनकी पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और उनकी मौसी किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर थे। जब वे मदीना जाने वाली फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, तभी हुतियों द्वारा दागी गई एक मिसाइल एयरपोर्ट पर गिरी।

मिसाइल का मलबा यूसुफ, उनके परिवार के सदस्यों और ‘उमराह’ के लिए आए अन्य तीर्थयात्रियों पर गिरा। यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। रियाद में भारतीय दूतावास ने रविवार रात पुष्टि की कि हमले में एक भारतीय की मौत हुई है।

यूसुफ के बेटे (18) अमन अली और वसी अली (16) घायल हो गए। अमन के घुटने की सर्जरी हुई, जबकि उनके भाई के पैर की तीन उंगलियां कट गईं। दोनों हैदराबाद में छात्र हैं। यूसुफ की पत्नी समीरा और उनकी 11 साल की बेटी मरियम मामूली चोटों के साथ बच गईं। यूसुफ की मौत की खबर मिलने पर उनके रिश्तेदार और दोस्त मेहदीपत्तनम स्थित उनके घर पहुंचे। एक रिश्तेदार ने बताया कि यूसुफ का अंतिम संस्कार रियाद में किए जाने की संभावना है।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार को हर संभव मदद देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के बहनोई के संपर्क में हैं। इस हमले में तेलंगाना का एक और व्यक्ति भी घायल हुआ। इस हमले में 13 लोगों की मौत हुई और 300 लोग घायल हुए। इस हमले में घायल हुए लोगों में 11 भारतीय भी शामिल हैं।

कामारेड्डी जिले के शेख सईद (42) एयरपोर्ट पर एक कैफे में काम करते थे, वह मलबे के गिरने से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें किंग फहद मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया हौ और उनका इलाज इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में चल रहा है।इस बीच, भारतीय दूतावास ने ‘ए्क्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि घायलों में से पांच का इलाज चल रहा है, जबकि बाकी लोगों को छुट्टी दे दी गई है।

दूतावास ने कहा, “हमारे दूतावास के अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया है, जहां हमले में घायल भारतीय नागरिकों को भर्ती कराया गया है। दुर्भाग्य से आज एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। 3 लोग आईसीयू में हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है, 2 अन्य को सामान्य वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी लोगों को छुट्टी दे दी गई है।”

दूतावास ने आगे कहा, “हम घायल भारतीय नागरिकों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं और उनके परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि दूतावास हर संभव मदद करेगा।”

Leave feedback about this

  • Service