September 3, 2026
Entertainment

सागर के नेत्रहीन सिंगर सुनील लोधी का जादू, ‘हनुमान अंश’ के लिए दर्शकों को कहा धन्यवाद

The magic of Sagar’s visually impaired singer Sunil Lodhi; thanked the audience for ‘Hanuman Ansh’.

बुंदेलखंड के लोकगायक और नेत्रहीन सिंगर सुनील लोधी इन दिनों अपनी आवाज को लेकर पूरे देश में चर्चा में हैं। उनकी आवाज में गाया भजन फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शामिल है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।

सागर में पत्रकारों से बात करते हुए सुनील ने दर्शकों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “सभी दर्शकों और मुझे चाहने वालों का दिल से स्वागत करता हूं। मैं यह कहूंगा कि उन्होंने मुझे बहुत समर्थन किया और मुझे बहुत आगे तक लेकर गए। माता-पिता और अन्य रिश्तेदार मौजूद हैं, मुझे बस उन सभी का आशीर्वाद चाहिए। मेरे साथ अंकित पांडेय गुरु जी मौजूद हैं, जिन्होंने मुझे संगीत में बहुत आगे तक ले जाने का प्लान बनाया है।”

सुनील ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने यह फिल्म अपनी आंखों से नहीं, बल्कि अपने माता-पिता की नजरों से देखी है। उनके माता-पिता ने उन्हें फिल्म के हर सीन के बारे में बताया।

कभी गांव-देहात में तमूरा के साथ भजन गाने वाले सुनील का सफर अब बॉलीवुड तक पहुंच गया है। बिना शोर-शराबे के रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भजन ‘मोरे संकट के कटैया’ जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने इसके सिंगर की खोज शुरू की। सर्च करने पर पता चला कि ये भजन बुंदेलखंड के लोकगायक सुनील लोधी ने गाया है।

‘मोरे संकट के कटैया’ भजन ने सुनील की आवाज को उन लोगों तक पहुंचाया, जो अब तक उनसे अनजान थे। उनकी आवाज म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज तक भी पहुंची। उन्होंने सुनील की रिकॉर्डिंग सुनी और भक्ति भाव से भरी आवाज से बेहद प्रभावित हुए, जिसके बाद उन्हें फिल्म में मौका दिया गया।

बिना शोर-शराबे के रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा सरप्राइज बनकर उभरी है। पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपए कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में इसकी कमाई महज 1.48 करोड़ रुपए रही। लेकिन, तीसरे हफ्ते में पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म की किस्मत बदल गई।

तीसरे सप्ताह में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इसके बाद 22वें दिन 6.25 करोड़, 23वें दिन 9.25 करोड़ और 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपए की शानदार कमाई हुई। अब 25वें दिन यानी चौथे सोमवार को फिल्म ने 5.15 करोड़ रुपए नेट कमाए। अब तक इसकी भारत में शुद्ध कमाई 45.28 करोड़ रुपए हो चुकी है और ग्रॉस कलेक्शन 53.43 करोड़ रुपए हो गया है।

Leave feedback about this

  • Service