February 18, 2026
National

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा के भारत दौरे से पहले विदेश मंत्रालय ने शेयर किया खास वीडियो

The Ministry of External Affairs shared a special video before Brazilian President Lula da Silva’s visit to India.

18 फरवरी । ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के भारत पहुंचने से पहले विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों के रिश्तों को बेहद मजबूत बताया है। मंत्रालय ने राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा के भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों की वीडियो भी शेयर की है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ब्राजील के प्रेसिडेंट लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा जल्द भारत आ रहे हैं।” एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “भारत-ब्राजील के मजबूत, विविध और रणनीतिक रिश्तों की खास झलकियां देखें।”

राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत दौरे पर रहेंगे। वे एआई इम्पैक्ट समिट में भी हिस्सा लेंगे और 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे। भारत के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वे इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा करेंगे।

राष्ट्रपति सिल्वा ने ‘एक्स’पर पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हम अब भारत के लिए रवाना हो रहे हैं। आने वाले दिनों में, मैं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इम्पैक्ट पर समिट में हिस्सा लूंगा। हम ब्राजील और भारत के बीच सहयोग के नए मौकों पर चर्चा करेंगे।”

उन्होंने बताया कि संबंधों को मजबूत करने के मकसद से एक हाई-लेवल बिजनेस डेलीगेशन भी उनके साथ भारत दौरे पर जाएगा।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा “दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं का समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी लंच होस्ट करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिनमें बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, सुधारित बहुपक्षवाद, वैश्विक शासन और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन करेंगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति लूला के साथ लगभग 14 मंत्री और ब्राजील की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष सीईओ का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आने की संभावना है। साथ आने वाले मंत्री अपने भारतीय समकक्षों के साथ बैठकें करेंगे। सीईओ एक बिजनेस फोरम में भाग लेने की उम्मीद है, जो ब्राजील के राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान आयोजित किया जा रहा है। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को दर्शाता है।

Leave feedback about this

  • Service