जल शक्ति मंत्रालय की ओर से विश्व शौचालय दिवस 2026 पर ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ अभियान शुरू किया गया है। 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा, जिसका समापन मानवाधिकार दिवस पर होगा।
जल शक्ति मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक और संस्थागत शौचालयों की कार्यक्षमता और पहुंच का राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा आकलन करना और उनमें सुधार लाना है।
जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत पेयजल और स्वच्छता विभाग (डीडीजब्ल्यूएस) ने गुरुवार को विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) (एसबीएम-जी) के तहत ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ (एसएसजीबी) अभियान की शुरुआत की। इस अभियान और इसके रिपोर्टिंग मॉड्यूल का ई-शुभारंभ डीडीजब्ल्यूएस में (एसबीएम-जी) की संयुक्त सचिव और राष्ट्रीय मिशन निदेशक ऐश्वर्या सिंह ने किया।
विश्व शौचालय दिवस 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र की थीम, ‘सुरक्षित शौचालय, समान भविष्य’ स्वच्छता को लैंगिक समानता से जोड़ती है। इसी के मुताबिक, ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ अभियान ग्रामीण स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित है, जिसमें महिलाओं, छात्राओं और दिव्यांगजनों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
ई-लॉन्च के दौरान बोलते हुए एसबीएम-जी की संयुक्त सचिव और राष्ट्रीय मिशन निदेशक ऐश्वर्या सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य’ अभियान को ‘सभी के लिए गरिमा’ और ‘सभी के लिए स्वच्छता’ के मूल विचार पर तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए स्कूली बच्चों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। भविष्य में बच्चे स्वच्छता के संरक्षक बनेंगे। इसके तहत बच्चों को स्वच्छता, साफ-सफाई और साफ-सुथरे शौचालयों के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे शौचालयों को साफ रखने और उन्हें सभी के लिए सुलभ बनाने में सामुदायिक भागीदारी निभा सकें।
उन्होंने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की एसबीएम-जी टीमों से कहा कि वे स्कूल प्रबंधन समितियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करें, ताकि इस अभियान में स्कूली बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके, जिसमें स्कूलों में स्वच्छता ऑडिट भी शामिल है।
उन्होंने देश के पर्यटन स्थलों सहित उन जगहों पर, जहां लोगों की आवाजाही अधिक होती है, साफ-सुथरे और चालू हालत वाले सीएससी (सामुदायिक स्वच्छता परिसरों) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ये न केवल आने वाले लोगों के अनुभव को बेहतर बनाते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देते हैं।


Leave feedback about this