N1Live National एनसीआर में अगले तीन दिन झुलसाएगी गर्मी, 11 जून से बदलेगा मौसम; आंधी-तूफान और बारिश से मिलेगी राहत
National

एनसीआर में अगले तीन दिन झुलसाएगी गर्मी, 11 जून से बदलेगा मौसम; आंधी-तूफान और बारिश से मिलेगी राहत

The NCR will be scorching hot for the next three days, with weather set to change from June 11th; relief from storms and rain.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आएगा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी, तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।

इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। हालांकि 11 जून से मौसम एक बार फिर करवट लेगा और आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 8 जून को एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। 9 जून को गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इसके बावजूद मौसम विभाग ने किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई है। 10 जून को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।

इसके बाद 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 जून को बारिश और तूफानी गतिविधियां और प्रभावी हो सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज होने की संभावना है और यह 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 13 जून को भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक विकसित होने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक लोगों को तेज धूप और गर्मी से सतर्क रहने की जरूरत है।

दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए। वहीं 11 जून से शुरू होने वाली बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिला सकती हैं और तापमान में करीब 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Exit mobile version