10 जुलाई । जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कड़ी सुरक्षा के बीच तीर्थयात्रियों का नौवां जत्था श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक नारे लगाए और भजन गाए, जिससे उनमें उत्साह, भक्ति और आध्यात्मिक जोश दिखाई दिया।
एक श्रद्धालु ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं गुरुवार शाम जम्मू आया था और उसके बाद यहां एक होटल में रुका। फिर सुबह मैंने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की। यहां प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं। सुरक्षा इंतजामों की बात करें तो, देश भर में हमारे सुरक्षा बल अपनी ड्यूटी बहुत अच्छे से निभा रहे हैं और हम सभी को सुरक्षा दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि 2019 के बाद से अमरनाथ यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया है। श्रद्धालुओं की संख्या में हर साल बढ़ोतरी हो रही है। श्रद्धालु ने कहा कि पिछले समय में आतंकवादी हमलों की खबरें आती थीं। अभी यह स्थिति है कि यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता है।
पहली बार अमरनाथ यात्रा के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “इस यात्रा को लेकर बहुत ज्यादा खुशी है। यहां व्यवस्थाएं अच्छी हैं।”
एक युवक ने बताया कि वह अपने पिता के साथ अमरनाथ यात्रा के लिए आया है। युवक ने कहा, “यहां अच्छे बंदोबस्त हैं। मैं सुरक्षाकर्मियों का धन्यवाद करना चाहता हूं।”
एक साधु ने कहा, “हम 12 साल से यहां आ रहे हैं और यहां इंतजाम बहुत अच्छे हैं। प्रशासन की व्यवस्था भी अच्छी है। यहां कई संत और साधु भी आते हैं। अब हालात में बहुत बड़ा फर्क है। अब कोई परेशानी नहीं होती क्योंकि सेना के जवान, हमारे बीएसएफ के जवान, जम्मू-कश्मीर पुलिस और पूरा प्रशासन इतनी सेवा करते हैं और इतना ध्यान रखते हैं कि किसी को कोई तकलीफ नहीं होती।”
फिलहाल, बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार जारी है। यात्रा के 7वें दिन के आखिर तक बालटाल और चंदनवाड़ी के दो रास्तों से कुल 1,71,501 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन किए।

