N1Live Entertainment प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव से उपजे हालातों से रूबरू कराएगी वेब सीरीज ‘एग्जाम’, 15 मई को होगी रिलीज
Entertainment

प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव से उपजे हालातों से रूबरू कराएगी वेब सीरीज ‘एग्जाम’, 15 मई को होगी रिलीज

The web series 'Exam' will explore the pressures of competitive exams and will release on May 15.

28 अप्रैल । आज के समय में प्रतियोगी परीक्षाएं सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि यह युवाओं के संघर्ष और भविष्य की उम्मीदों से भी जुड़ चुकी हैं। लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें तनाव, डर और समाज की उम्मीदों का भारी बोझ भी झेलना पड़ता है। अब इसी संवेदनशील विषय को लेकर एक नई तमिल वेब सीरीज ‘एग्जाम’ दर्शकों के सामने आने वाली है।

यह सीरीज परीक्षा की कहानी के साथ-साथ उन भावनात्मक संघर्षों और मुश्किल फैसलों को भी दिखाएगी, जिनका सामना लोग दबाव भरे माहौल में करते हैं।

इस सीरीज में अभिनेत्री दुशारा विजयन और अदिति बालन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह वेब सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर 15 मई से प्रसारित की जाएगी। इसके सात एपिसोड्स हैं, जो सस्पेंस, भावनाओं और तनाव से भरपूर बताए जा रहे हैं।

सीरीज को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक ए. सरकुनम ने लिखा और निर्देशित किया है। कहानी एक ऐसे माहौल को दिखाती है जहां प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव लोगों की जिंदगी पर गहरा असर डालता है। सीरीज में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि जब इंसान पर उम्मीदों और सफलता का बोझ बढ़ जाता है, तब वह किन मानसिक और भावनात्मक परिस्थितियों से गुजरता है।

इस सीरीज में दुशारा विजयन और अदिति बालन के अलावा, अभिनेता अब्बास भी अहम भूमिका में है। इस सीरीज को तमिल के साथ-साथ तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में सब टाइटल भी दिए जाएंगे, ताकि अलग-अलग भाषाओं के दर्शक इस कहानी से जुड़ सकें।

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल विभाग के प्रमुख निखिल मधोक ने इस सीरीज को लेकर कहा, ‘एग्जाम’ आज के दौर की बेहद जरूरी और सच्चाई के करीब वाली कहानी है। यह सीरीज प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान होने वाले भावनात्मक तनाव को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाती है। यह सिर्फ एक सस्पेंस कहानी नहीं है, बल्कि यह उन लाखों युवाओं की भावनाओं को सामने लाती है जो हर दिन अपने सपनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यह कहानी दुनियाभर के दर्शकों को गहराई से प्रभावित करेगी।”

Exit mobile version