22 अप्रैल । आज का दिन देश के लिए भूल पाना मुश्किल है क्योंकि 22 अप्रैल 2025 वही काला दिन है, जिस दिन भारत में वादियों में सुकून के पल बिताने आए सैलानियों को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने धर्म पूछकर मार डाला था।
पहलगाम हमले ने पूरे देश को झकझोकर रख दिया था और बॉलीवुड सितारे भी विरोध पर उतर आए थे। हर किसी ने घटना को निंदनीय बताया था। इसी दर्दनाक घटना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़े पर्दे पर कई फिल्म और सीरीज की अनाउंसमेंट हो चुकी है, जिनको देखने के लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।
‘पहल: ए नेशन यूनाइट्स’ नाम की सीरीज जल्द ही दर्शकों को देखने को मिलेगी। सीरीज की अनाउंसमेंट 15 अगस्त 2025 को हुई थी और फिल्म की पहली झलक भी सामने आ चुकी है। सीरीज पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 7 मई 2025 को हुए ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित है। सीरीज का टीज़र भी साझा किया गया था जिसमें एक वॉइसओवर के माध्यम से सीरीज़ की शुरुआती कहानी बताई गई है। यह सीरीज पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्रित होगी।
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने भी पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐलान किया था, जिसके पोस्टर ने हर किसी का दिल जीता था। निर्देशक यह फिल्म टी-सीरीज़ के साथ मिलकर बना रहे हैं और माना जाता रहा है कि फिल्म में लीड रोल वरुण धवन निभा सकते हैं। हालांकि फिल्म के रिलीज को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं है। यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर बेस्ड होगी।
एकता कपूर भी पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित फिल्म ‘दी टेरर रिपोर्ट’ ला रही हैं। फिल्म का टीजर 26 मार्च को रिलीज हो चुका है जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से लेकर पहलगाम हमले की झलक दिखाई गई है। हालांकि फिल्म के रिलीज को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं है। दर्शकों को फिल्म के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा सकता है।
क्षेत्रीय फिल्म ‘इंडिया पाकिस्तान: द फाइनल रेज़ोल्यूशन’ भी पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर बनी है। फिल्म में हमले के बाद घाटियों में रहने वाले लोगों के जीवन में पड़ने वाले प्रभाव को दिखाया जाएगा। अभी फिल्म की शूटिंग जारी है। कुछ हिस्सा मुंबई में शूट किया गया है, तो कुछ हिस्से को कश्मीर में शूट करना बाकी है।

