August 8, 2026
Entertainment

‘यह छात्रों की गूंज नहीं, सत्ता के लिए रैली कर रहे राहुल गांधी’, प्रयागराज के कार्यक्रम पर बिहार के नेताओं का कटाक्ष

“This is not the voice of students; Rahul Gandhi is holding a rally for the sake of power”—Bihar leaders take a dig at the Prayagraj event.

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर बिहार एनडीए के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्र आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। राहुल गांधी छात्रों की रैली में नहीं जा रहे हैं। वह सत्ता पाने के लिए रैली में जा रहे हैं।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी उत्तर प्रदेश घूमने जा रहे हैं, जबकि छात्र झारखंड में धरने पर बैठे हैं। उन्हें झारखंड के मुख्यमंत्री से कहना चाहिए कि जेपीएससी भर्ती परीक्षा को लेकर सीबीआई की जांच कराएं।”

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस छात्र आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। प्रयागराज में भी कांग्रेस राजनीति के लिए यात्रा कर रही है। एम्स से लेकर अनेक पेपर लीक हुए। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कभी पेपर लीक पर कानून नहीं बनाया था। यह कानून भाजपा की सरकार ने बनाया है।”

बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, “राहुल गांधी छात्रों की रैली में नहीं जा रहे हैं। वह सत्ता पाने के लिए रैली में जा रहे हैं। उनका ध्यान इस बात पर है कि सत्ता कैसे वापस पाई जाए। कांग्रेस पार्टी खुद ही बेरोजगार हो गई है। चूंकि उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं, इसलिए यह कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित रैली है।”

उन्होंने आगे कहा, “जहां तक ​​छात्रों की चिंताओं की बात है, हमारी सरकारें उनकी बात सुन रही हैं, चाहे वह योगी सरकार हो या मोदी सरकार। गूंज के हिसाब से सरकार काम कर रही है। छात्रों की समस्याओं का निदान किया जा रहा है। साथ ही, छात्रों-युवाओं की भावनाओं की कद्र की जा रही है। उन्हें हर तरीके की मदद के लिए भी सरकार तैयार है।”

इसी बीच, राम कृपाल यादव ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन का जिक्र किया और कहा, “झारखंड के छात्रों का आंदोलन गंभीर है और यह छात्रों में असंतोष की भावना को दिखाता है, लेकिन राज्य सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है और उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मेरा मानना ​​है कि सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया है। सरकार कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद समेत अन्य पार्टियों के समर्थन से चल रही है। उन्हें इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और छात्रों की समस्याओं को हल करने की दिशा में काम करना चाहिए।”

जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि कांग्रेस शुरू से युवाओं के खिलाफ रही है। पंजाब में नौजवानों का आंदोलन हो या छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का आंदोलन, कांग्रेस ने उन्हें कुचलने की कोशिश की। अब वह कांग्रेस का चेहरा बदलना चाहते हैं, तो उन्हें प्रायश्चित के साथ-साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि देश का युवा कांग्रेस पर भरोसा करने वाला नहीं है। हाल ही में युवाओं ने वर्तमान के मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था और सरकार ने भी समाधान की दिशा में पहल की है, लेकिन कांग्रेस से उम्मीद नहीं की जा सकती है।

Leave feedback about this

  • Service