भारतीय मूल की सुपरमॉडल और टीवी हस्ती पद्मालक्ष्मी के लिए इस साल की दिवाली कई मायनों में खास रही। इस बार त्योहार की खुशियां उनके परिवार के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं थीं क्योंकि उनकी मां लक्ष्मी कई महीनों तक अस्पताल में रहने के बाद घर लौट आई हैं और धीरे-धीरे अपनी पुरानी जिंदगी की ओर लौट रही हैं।
इस खास मौके पर पद्मा ने अपनी बेटी कृष्णा के साथ दिवाली मनाई और परिवार के साथ बिताए पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
पद्मालक्ष्मी ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में वह अपनी बेटी कृष्णा के साथ नजर आईं जबकि दूसरी तस्वीर में उनकी मां दिखाई दीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने इस साल के दिवाली सेलिब्रेशन के बारे में दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने बताया कि इस बार परिवार ने बहुत सादगी से और कम लोगों के बीच त्योहार मनाया लेकिन खुशियां मनाने की वजहें कई थीं।
पद्मा ने अपने पोस्ट में लिखा, ”इस साल हमने दिवाली बहुत सादगी से और परिवार के कुछ करीबी लोगों और दोस्तों के साथ मनाई। लेकिन जश्न मनाने के लिए हमारे पास बहुत कुछ था। इनमें सबसे खास था मां लक्ष्मी का कई महीनों बाद अस्पताल से घर लौटना। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वह अब काफी हद तक पहले जैसी हो गई हैं।”
पद्मा ने इस दौरान अपनी बेटी कृष्णा की नई शुरुआत का भी जिक्र किया। उन्होंने आगे लिखा, ”हमने मेरे काम से जुड़ी सफलताओं का भी जश्न मनाया, जिनमें मेरी सातवीं किताब और सीबीएस के लिए नया शो बनाना शामिल है। इसके अलावा कृष्णा की नई शुरुआत भी हमारे लिए खुशी की बात रही, जिसके बारे में मैं बाद में बताऊंगी और सबसे जरूरी बात यह है कि मिडटर्म रिजल्ट ने भी यह उम्मीद जगाई कि अंधेरे पर रोशनी की जीत हुई है। उम्मीद है कि दिवाली सभी के जीवन में शांति और रोशनी लेकर आती रहेगी।”
भारत में जन्मी पद्मालक्ष्मी बचपन में ही अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। वह मशहूर कुकिंग रियलिटी शो ‘टॉप शेफ’ की होस्ट के तौर पर काफी लोकप्रिय हुईं। इसके अलावा उन्होंने लेखन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई है और अब तक कई किताबें लिख चुकी हैं।
पद्मा डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘टेस्ट द नेशन विद पद्मा लक्ष्मी’ की निर्माता, होस्ट और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं। अपने काम के लिए उन्हें 16 प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स के लिए नामांकन मिल चुका है। साल 2022 में उन्हें कार्नेगी कॉरपोरेशन ऑफ न्यूयॉर्क की ओर से ‘ग्रेट इमिग्रेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था।


Leave feedback about this