July 19, 2026
National

धनबाद में डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली

Threat to blow up post office and passport office in Dhanbad with a bomb; premises evacuated.

15 जुलाई । झारखंड के धनबाद में बुधवार को मुख्य डाकघर और उसी परिसर में संचालित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

एक अज्ञात ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करा दिया और बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू कराया। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल संबंधित अधिकारियों को प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि दोपहर 1:15 बजे मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में विस्फोट किया जाएगा।

ई-मेल में आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणियां भी की गईं और एक विशेष समुदाय के लोगों को बाहर निकालने जैसी बात लिखी गई। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की भाषा, उसके स्रोत और उसमें किए गए दावों की गंभीरता से जांच कर रही हैं। धमकी मिलते ही धनबाद थाना पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों, आवेदकों तथा अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इसके साथ ही मुख्य डाकघर से सटे बीएसएनएल कार्यालय और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफ) के कार्यालय को भी खाली करा दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में जनहानि से बचा जा सके। घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की। आसपास के क्षेत्र की भी तलाशी ली गई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई।

खबर लिखे जाने तक किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने परिसर के आसपास आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है और आवश्यक सुरक्षा घेरा बनाया गया है। साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है, जो यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा ई-मेल किस आईपी एड्रेस या सर्वर से भेजा गया और इसके पीछे किसी व्यक्ति, समूह या संगठन की भूमिका है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और जांच जारी है।

Leave feedback about this

  • Service