N1Live National मुठभेड़ में कच्छा-बनियान गिरोह के तीन बदमाशों को लगी गोली, छह गिरफ्तार
National

मुठभेड़ में कच्छा-बनियान गिरोह के तीन बदमाशों को लगी गोली, छह गिरफ्तार

Three gangsters of the underwear gang were shot in an encounter, six arrested.

4 मई । राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिणी दिल्ली में रविवार देर रात पुलिस और कुख्यात कच्छा-बनियान गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, उन्हें दक्षिणी दिल्ली में मुखबिर से सक्रिय एक संगठित गिरोह की सूचना मिली थी, जो चोरी और लूट की कई वारदातों में शामिल रहा है। इनपुट मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाशों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पूछताछ के बाद अन्य तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया है, जिससे गिरोह की गतिविधियों की पुष्टि होती है।

जानकारी के अनुसार मौके पर घायल बदमाशों की पहचान निर्मल पर्डी उर्फ निखिल (34), अंबर उर्फ डेविन (25) और सम्राट उर्फ समर उर्फ काला (30) के रूप में हुई है। तीनों को पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वहीं, पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों काकेश उर्फ काके (24), कृष देव (18) और शिवजीत उर्फ जीत (17) को भी हिरासत में लिया है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। क्राइम टीम को घटनास्थल से कुल 7 खाली खोल बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की तरफ से करीब 6 राउंड फायरिंग की गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी लंबे समय से कच्छा-बनियान गिरोह से जुड़े हुए हैं और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। यह गिरोह खास तौर पर रात के समय घरों में घुसकर चोरी करता है और पहचान छिपाने के लिए कम कपड़े पहनता है, जिससे इन्हें कच्छा-बनियान गिरोह के नाम से जाना जाता है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही, गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काफी दिनों से इस गिरोह की सूचना मिल रही थी, ये लोग इन दिनों काफी सक्रिय हो गए थे और लगातार खाली पड़े घरों को निशाना बनाते थे।

Exit mobile version