20 अप्रैल । आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी स्टारर फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ पोस्टर रिलीज के साथ ही सुर्खियों में बना हुआ है।
फिल्म में अभिनेता एक ही नहीं बल्कि तीन-तीन अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करने वाले हैं। इसी बीच फिल्म का मजेदार टीजर भी रिलीज हो चुका है, जिसमें शादीशुदा होते हुए भी अभिनेता घर के बाहर रोमांस ढूंढ रहे हैं।
‘पति पत्नी और वो दो’ का मजेदार टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें पहली झलक ही संजीव कुमार की फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ की दिखाई जाती है और उसके बाद कार्तिक आर्यन की झलक देखने को मिलती है और फिर होती है प्रजापति पांडे (आयुष्मान खुराना) की एंट्री, जो पत्नी के होते हुए भी बाहर दो-दो लड़कियों के साथ इश्क फरमा रहे हैं। टीजर में आयुष्मान खुराना को ऐसे पति के रूप में दिखाया है, जो अपनी पत्नी को छोड़कर बाहर प्यार ढूंढने निकले हैं लेकिन बाहर सिर्फ प्यार ही नहीं, मुसीबतें भी उनका इंतजार कर रही हैं।
टीजर मजेदार है और अब ट्रेलर को देखने की एक्साइटमेंट भी बढ़ गई है। इससे पहले फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म का मजेदार पोस्टर भी जारी किया था, जिसमें अभिनेता किसी महिला कलाकार के साथ नहीं, बल्कि तेंदुए के साथ नजर आए, वो भी जाल में फंसे। कैप्शन में था, “शिकारी खुद हो गया शिकार! अब जाल में फंस गए हमारे प्रजापति पांडे।”
फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। फिल्म को देखने के लिए दर्शकों को 15 मई तक का इंतजार करना होगा। कॉमेडी फिल्म को मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित किया गया है। 2019 की हिट फिल्म पति पत्नी और वो को भी मुदस्सर अजीज ने ही निर्देशित किया था, वहीं फिल्म को भूषण कुमार और रेनू रवि चोपड़ा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी के अलावा, विजय राज, तिग्मांशु धूलिया और आयशा रजा भी दिखने वाले हैं। मल्टीस्टार होने की वजह से फिल्म से काफी उम्मीदें की जा रही हैं। सारा अली खान और आयुष्मान खुराना दोनों ‘उड़ता तीर’ के बाद एक साथ दोबारा स्क्रीन पर दिखने वाले हैं।

