June 12, 2026
National

‘टीएमसी का अस्तित्व खत्म’, रामकृपाल यादव ने साधा ममता और अभिषेक बनर्जी पर निशाना

‘TMC’s existence is over’: Ramkripal Yadav targets Mamata and Abhishek Banerjee.

बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने तृणमूल कांग्रेस में फूट और ममता बनर्जी को कल्याण बनर्जी के अल्टीमेटम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी में असंतोष का मुख्य कारण अभिषेक बनर्जी की ओर से पैदा की गई अशांति है। इसीलिए कल्याण बनर्जी समेत टीएमसी के विधायक-सांसद दुखी हैं और पार्टी को छोड़ रहे हैं

मंत्री रामकृपाल यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “टीएमसी का अस्तित्व खत्म हो गया है। टीएमसी के विधायकों और सांसदों में भारी असंतोष है और इस असंतोष का मुख्य कारण अभिषेक बनर्जी की ओर से पैदा की गई अशांति है। पार्टी ने जनता के साथ-साथ कार्यकर्ताओं, विधायकों और सांसदों का भी समर्थन खो दिया है।”

उन्होंने कहा कि कल्याण बनर्जी पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खास समर्थकों में से एक हैं। उनकी पीड़ा सामने दिख रही है। स्वाभाविक तौर पर कोई भी व्यक्ति, जिसने पार्टी और अपने नेता के लिए एक लंबे दौर में बहुत कुछ किया हो, वहां अगर उस नेता का परिवार बीच में आ जाए तो हावी होने वाले अंदाज में रूल करना चाहिए तो कोई भी स्वीकार नहीं करेगा। रामकृपाल यादव ने आगे कहा, “उसी का परिणाम है कि कल्याण बनर्जी समेत टीएमसी के विधायक-सांसद दुखी हैं और पार्टी को छोड़ रहे हैं।”

इस दौरान, नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने पिछले 12 सालों में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए जो काम किया है। उन्होंने अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है, और जब वैश्विक अर्थव्यवस्था दबाव में थी, तब भारत आज आगे बढ़ रहा है।”

मंत्री रामकृपाल ने कहा कि नीति आयोग की बैठक में भी प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बातों को बहुत मजबूती के साथ रखा। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए बहुत सारा काम किया है। उसके सार्थक परिणाम भी आए हैं। वहीं, बिहार में 10 एमएलसी के निर्विरोध चुने जाने पर रामकृपाल यादव ने कहा, “एमएलसी चुनाव पूरे हो गए हैं और यह खुशी की बात है कि चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए। मैं सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

Leave feedback about this

  • Service