सोल, हाल के हफ्तों में उत्तर कोरिया की सीमा पर अनचाही गतिविधियां बढ़ गई है। बुधवार को दक्षिण कोरिया और यूएस फोर्सेज कोरिया (यूएसएफके) के शीर्ष सैन्य कमांडरों ने पूर्वी सीमावर्ती इकाइयों का दौरा किया और संयुक्त तैयारी व अपनी रणनीतिक क्षमता को मजबूत करने (डिटरेंस) पर जोर दिया।
जेसीएस ने एक बयान जारी किया। इसके अनुसार, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएम) के चेयरमैन जनरल जिन योंग-सुंग और यूएसएफके के कमांडर जनरल जेवियर ब्रंसन ने उत्तर-दक्षिण कोरिया को अलग करने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमजेड) के साथ ऑपरेशन और तैयारी का निरीक्षण करने के लिए पूर्वी सीमा चौकियों का दौरा किया।
जेसीएस ने कहा, “कमांडरों ने दक्षिण कोरिया-यूएस की मजबूत संयुक्त रक्षा स्थिति की पुष्टि की और बदलते सुरक्षा माहौल का प्रभावी ढंग से जवाब देने और मजबूत प्रतिरोध बनाए रखने के लिए क्षमताओं, तैयारी और इंटरऑपरेबिलिटी (आपसी तालमेल) को और मजबूत करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।”
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी गार्ड पोस्ट का निरीक्षण करते हुए, कमांडरों ने डीएमजेड बफर जोन के अंदर मिलिट्री डिमार्केशन लाइन (एमडीएल यानी सैन्य सीमांकन रेखा) के पास हालिया उत्तर कोरियाई सैन्य अभियानों का मूल्यांकन किया और सीमावर्ती इकाइयों की तैयारी की जांच की।
यह निरीक्षण पूर्वी मोर्चे पर उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा सीमा में घुसपैठ की घटनाओं में भारी वृद्धि के बाद किया गया है; दक्षिण कोरियाई सेना ने अकेले अगस्त में ऐसी 20 से अधिक घटनाएं दर्ज कीं, जो 2025 में दर्ज की गई 17 समान घटनाओं से अधिक हैं।
प्योंगयांग ने सीमा पर कंटीले तारों की बाड़ लगाने और बारूदी सुरंगें बिछाने का काम भी तेज कर दिया है; इस कदम को दक्षिण कोरिया को एक शत्रुतापूर्ण देश मानने की अपनी नीति के अनुरूप रणनीतिक रूप से सीमा को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
एमडीएल के पास उत्तर कोरियाई गतिविधियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, जिन ने अधिक सतर्कता बरतने का आह्वान किया और कहा कि गर्मियों में घनी हरियाली और अक्सर छाने वाला कोहरा निगरानी अभियानों के लिए चुनौतीपूर्ण स्थितियां पैदा कर सकता है।
जेसीएस के अनुसार, जिन ने कहा, “हमें किसी भी औचक हमले को रोकने के लिए छोटे-छोटे संकेतों का भी बारीकी से विश्लेषण करना चाहिए, और यदि दुश्मन उकसावे की कार्रवाई करता है, तो हमें निर्णायक जवाबी कार्रवाई के साथ उनके अभियानों को खत्म कर देना चाहिए।”
ब्रंसन, जो यूनाइटेड नेशंस कमांड और दक्षिण कोरिया-यूएस कंबाइंड फोर्सेज कमांड के कमांडर भी हैं, ने कोरियाई प्रायद्वीप पर मजबूत रक्षा स्थिति पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कैसे 1950-53 के कोरियाई युद्ध को समाप्त करने वाले युद्धविराम समझौते के तहत पिछले सात दशकों से स्थिरता बनाए रखी गई है।
जेसीएस के अनुसार, ब्रंसन ने कहा कि संयुक्त निरीक्षण दोनों देशों के बीच मज़बूत गठबंधन और दक्षिण कोरिया की रक्षा करने तथा कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए उनकी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

