June 4, 2026
National

मसूरी-देहरादून मार्ग पर दर्दनाक हादसा: पानी से भरा टैंकर खाई में गिरा, चालक की मौत

Tragic accident on Mussoorie-Dehradun road: Water tanker falls into ditch, driver dies

28 मई । मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। यह हादसा गज्जी बैंड के पास उस समय हुआ जब पानी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर निजी वाहन से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। गज्जी बैंड के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैंकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मसूरी उप जिला चिकित्सालय के डॉक्टर प्रशांत ने बताया कि चालक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

स्थानीय लोगों ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मार्ग पर कई जगह तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाने और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave feedback about this

  • Service