August 13, 2026
National

पुणे में ट्रेन का पेंटोग्राफ फंसने से बाधित रहा रेल यातायात, रातभर मरम्मत के बाद सुबह 7.35 बजे परिचालन फिर से शुरू

Train services in Pune were disrupted after a train’s pantograph got entangled; operations resumed at 7:35 AM following overnight repairs.

महाराष्ट्र के पुणे जिले में हडपसर से लोणी के बीच एक एक्सप्रेस ट्रेन के सामने मवेशी आ जाने से रेल यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। हालांकि, रातभर मरम्मत का कार्य जारी रहा और गुरुवार सुबह 7.35 बजे ओएचई में बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद रेल परिचालन फिर से सामान्य कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पनवेल–नांदेड एक्सप्रेस ट्रेन (17613) से बुधवार रात मवेशी के टकराने के बाद ट्रेन का पेंटोग्राफ ओएचई वायर में फंस गया और बिजली की तारें टूट गईं। इसके चलते करीब 8.16 बजे ट्रेन को रोकना पड़ा।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बहाली का काम शुरू किया। पुणे, लोणी, दौंड और तलेगांव से टावर वैगन घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। रात 9.30 बजे इंजीनियरिंग कंट्रोल ने ट्रैक को फिट घोषित किया। इसके बाद 9.45 बजे एक्सप्रेस ट्रेन को घटनास्थल से निकालने के लिए डीजल शंटिंग लोको जोड़ा गया।

रात 10.25 बजे डीजल लोको की मदद से ट्रेन को लोणी तक पहुंचाया गया और संबंधित सेक्शन को खाली कराया गया। इसके बाद एमईएमयू (71413) और एक अन्य एक्सप्रेस ट्रेन (16588) को भी डीजल लोको की मदद से आगे रवाना किया गया। ओएचई की मरम्मत के लिए 13 अगस्त की रात 12.35 बजे ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की अनुमति दी गई। चार टावर वैगन की मदद से ओएचई वायर की मरम्मत का काम किया गया।

इस घटना के कारण पनवेल–नांदेड एक्सप्रेस ट्रेन (17613), बीकानेर-यशवंतपुर (16588), 71413 एमईएमयू, महानगरी एक्सप्रेस (22177) और पुणे सुपौल एक्सप्रेस (11401) ट्रेनों पर असर पड़ा। वहीं, एकता नगर-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20920), राजकोट-सिकंदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22717), लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी)-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस (12163) और कन्याकुमारी एक्सप्रेस (16381) ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से रवाना किया गया।

इसी बीच, रेलवे कर्मचारियों ने रातभर काम करते हुए ओएचई बहाली का काम पूरा किया। सुबह 7.35 बजे रेल सेवा फिर से बहाल की गई।

Leave feedback about this

  • Service