June 15, 2026
Entertainment

‘तू ही रे दिल में’ वृंदा का किरदार चुनौतीपूर्ण, धैर्य और विश्वास उसे बनाता है खास : प्रियांशी यादव

‘Tu Hi Re Dil Mein’: Priyanshi Yadav says the character of Vrinda is challenging, and that her patience and faith make her special.

अभिनेत्री प्रियांशी यादव जल्द ही जी टीवी के नए शो ‘तू ही रे दिल में’ में नजर आएंगी। शो में अभिनेत्री के किरदार का नाम वृंदा है। शो के प्रसारण से पहले उन्होंने अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की और बताया कि वृंदा का किरदार उनके अब तक के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है।

प्रियांशी ने कहा कि जब उन्हें इस भूमिका के लिए ऑफर मिला, तभी उन्हें एहसास हो गया था कि यह एक सामान्य किरदार नहीं है। उनके अनुसार, वृंदा एक ऐसी महिला है जिसकी सोच, व्यवहार और जीवन को देखने का नजरिया काफी अलग है। यही वजह है कि इस किरदार को निभाने के लिए वह पहले दिन से ही उत्साहित थीं और उन्हें हर दिन खुद को उसकी दुनिया और भावनाओं के अनुरूप ढालना पड़ता है।

अभिनेत्री ने बताया कि ‘तू ही रे दिल में’ की कहानी तीन लोगों के जीवन, उनकी भावनाओं और रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। उन्होंने कहा कि शो की कहानी और किरदार दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने की क्षमता रखते हैं, जो उन्हें काफी पसंद आएगा।

प्रियांशी के मुताबिक, कई बार उन्हें ऐसा महसूस होता है कि वृंदा को अपने लिए आवाज उठानी चाहिए। जब उसके साथ गलत होता है, तब भी वह विरोध करने के बजाय चुप्पी और धैर्य का रास्ता चुनती है। हालांकि, यही बात उसके व्यक्तित्व को अलग और खास बनाती है। उन्होंने कहा कि वृंदा का भगवान पर गहरा विश्वास है। वह मानती है कि जीवन में जो भी होता है, उसके पीछे कोई न कोई कारण जरूर होता है। चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, वह भरोसा नहीं खोती।

प्रियांशी ने बताया कि वास्तविक जीवन में उनकी प्रतिक्रिया कई मामलों में वृंदा से बिल्कुल अलग हो सकती है, लेकिन एक कलाकार के रूप में यही अंतर उनके लिए इस किरदार को और अधिक रोचक बनाता है। अभिनेत्री का कहना है कि वृंदा की भावनाओं को समझना और उसके व्यक्तित्व के प्रति ईमानदार रहना उनके लिए एक सीखने वाला अनुभव रहा है। इस किरदार ने उन्हें एक कलाकार के रूप में अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

प्रियांशी ने पूरी टीम की मेहनत की भी सराहना की और कहा कि सभी एक्टर्स और टेक्निशियंस इस शो को खास बनाने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक वृंदा की कहानी से जुड़ेंगे और शो को भरपूर प्यार देंगे। ‘तू ही रे दिल में’ का प्रसारण 15 जून से जी टीवी पर हर दिन शाम 7 बजे होगा।

Leave feedback about this

  • Service