N1Live National झांसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
National

झांसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Two accused arrested after police encounter in Jhansi; one shot in the leg.

उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान और हथियार बरामद किए गए। गोलीबारी के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

झांसी की सदर सर्कल अधिकारी (सीओ) प्रिया सिंह ने बताया कि 16 जुलाई को बबीना इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी के मामले में शामिल दो आदतन अपराधियों को गिरप्तार किया। उन्होंने बताया कि 29-30 जून की रात को बबीना थाना के अंतर्गत भेल चौकी इलाके में चोरी हुई थी, जिसके संबंध में एक एफआईआर दर्ज की गई थी।

उन्होंने कहा कि चोरी के माल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही थीं। इसी बीच गुरुवार देर शाम पुलिस को आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। जब उनकी गिरफ्तारी की कोशिश की गई, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की।

इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी की पहचान कादिर के रूप में की गई, जो राजस्थान के धौलपुर का रहने वाला है। इसके अलावा, पुलिस ने दूसरे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। उसकी पहचान रियासत के रूप में हुई, जो जालौन जिले के उरई का रहने वाला है।

पुलिस अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से सोने-चांदी के गहने बरामद हुए, जो बबीना क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित हैं। आरोपियों के पास से 3 हजार रुपए से अधिक की नगदी, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही, संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version