छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने मंगलवार को भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से 250 टन स्क्रैप चोरी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह और उसके साथी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है।
इन आरोपियों द्वारा फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था। पुलिस द्वारा इस मामले में पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी के साथ पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग समेत करीब 3.22 करोड़ रुपए का माल जब्त किया।
पुरानी भिलाई पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर मुख्य आरोपी को पकड़ा है। पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और अहम खुलासों की उम्मीद है।
पुलिस ने काफी समय से फरार चल रहे आरोपी संजय सिंह और उसके बेटे अभय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। वहीं, लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, उसके बेटे अभय सिंह की तलाश अभी जारी है।


Leave feedback about this