June 4, 2026
Entertainment

दो दशक बाद फिर लौटा ‘वीवा’ का जादू, नेहा भसीन ने याद किए पुराने सुनहरे दिन

Two decades later, the magic of ‘Viva’ returns; Neha Bhasin reminisces about the golden days

एक समय था जब दोस्तों को मोबाइल फोन में ब्लूटूथ से गाने भेजा करते थे और फ्लिप फोन इस्तेमाल करते थे। उसी दौर में भारत के पहले पॉप गर्ल बैंड ‘वीवा’ ने संगीत की दुनिया में ऐसा जादू चलाया था, जिसने पूरे एक दौर को अपनी धुनों से जोड़ दिया। उनके गाने 2000 के दशक के युवाओं की यादों का हिस्सा बन गए थे। अब करीब दो दशक बाद वीवा एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, बैंड का संगीत अब डिजिटल और ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर दोबारा उपलब्ध कराया जा रहा है।

‘वीवा’ की शुरुआत पांच मेंबर के जरिए बैंड के रूप में हुई थी। इस बैंड में सीमा रामचंदानी, नेहा भसीन, प्रतीची महापात्रा, महुआ कामत और अनुष्का मनचंदा शामिल थीं। उस समय भारतीय पॉप संगीत में गर्ल बैंड का कॉन्सेप्ट नया था और वीवा ने अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि, पहले एल्बम के बाद सीमा रामचंदानी ने बैंड छोड़ दिया था। इसके बाद बाकी चार सदस्यों ने मिलकर 2003 में ‘वीवा! रीलोडेड’ नाम से अपना दूसरा एल्बम रिलीज किया था।

अब वीवा ने जियोस्टार के साथ मिलकर अपने संगीत को फिर से लोगों तक पहुंचाने का फैसला किया है। बैंड के गाने और वीडियो अब ‘कानफोड़’ और दूसरे बड़े ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। इस खबर ने उन लोगों के बीच खास उत्साह पैदा कर दिया है, जो 2000 के दशक में वीवा के गानों को सुनते हुए बड़े हुए थे।

इस खास मौके पर नेहा भसीन ने कहा, ”वीवा सिर्फ एक बैंड नहीं था, बल्कि यह एक एहसास और एक पूरे दौर की पहचान बन गया था। मेरे लिए और उन लोगों के लिए जिन्होंने उस समय उनके गाने सुने, वीवा एक खूबसूरत याद की तरह है। भारत के पहले पॉप गर्ल बैंड के रूप में उन्होंने कुछ बहुत खास बनाया था और यह रिश्ता आज भी लोगों के प्यार की वजह से जिंदा है।”

नेहा भसीन ने कहा, ”मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि अब नई पीढ़ी भी उन गानों और वीडियो को सुन और देख सकेगी, जिन्होंने एक समय लाखों युवाओं की यादों को खास बनाया था। संगीत का सबसे सुंदर पहलू यही होता है कि वह समय बीतने के बाद भी लोगों के दिलों में बना रहता है।”

Leave feedback about this

  • Service