N1Live National झारखंड निकाय चुनाव में केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने किया मतदान, भारी बदइंतजामी का लगाया आरोप
National

झारखंड निकाय चुनाव में केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने किया मतदान, भारी बदइंतजामी का लगाया आरोप

Union Minister of State Sanjay Seth casts his vote in Jharkhand civic elections, alleges massive mismanagement

23 फरवरी । केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को झारखंड निकाय चुनाव में मतदान किया। उन्होंने राज्य में 48 नगर निकायों के लिए हो रहे मतदान में भारी बदइंतजामी का आरोप लगाया है। साथ ही, उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भी घर से बाहर निकलें और मत का इस्तेमाल करें।

सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उन्होंने कहा कि मेयर और वार्ड पार्षद के लिए अलग-अलग मतपेटी न रखकर एक ही बैलेट बॉक्स का इस्तेमाल करना “षड्यंत्र” का हिस्सा प्रतीत होता है। संजय सेठ अपने आवास से मोटरसाइकिल पर मतदान केंद्र के लिए निकले। बूथ पर पहुंचकर वे आम मतदाताओं की तरह कतार में खड़े हुए और मतदान किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि सुबह से जो उत्साह नजर आ रहा है, उसे देखकर हमें लग रहा है कि पिछली बार का रिकॉर्ड टूटेगा। हालांकि, शहरों के अंदर मत प्रतिशत कम करने के लिए साजिश रची गई है। मैं जब वोट देने गया तो हमें करीब 15 मिनट लगे। मैं लाइन में था, किंतु हम ऐसा पहली बार देख रहे हैं कि एक ही मत पेटी में 2 (पार्षद और महापौर) वोट डाले जा रहे हैं। क्या 2 बैलेट बॉक्स नहीं रखे जा सकते थे? यह गलत है। मेयर और पार्षद के बैलेट बॉक्स अलग-अलग होने चाहिए। यह चुनाव आयोग का लैप्स है।

उन्होंने आशंका जताई कि 27 फरवरी को होने वाली मतगणना के दौरान मतपत्रों को अलग-अलग छांटने में पूरा दिन लग सकता है। यह गिनती को लंबा खींचने और कार्यकर्ताओं को थकाने की कोशिश है। दुनिया डिजिटल हो रही है और यहां अब भी बैलेट से चुनाव कराया जा रहा है। सेठ ने आरोप लगाया कि यह सब मत प्रतिशत को प्रभावित करने और गड़बड़ी की आशंका पैदा करने की साजिश हो सकती है, लेकिन हम इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे।

केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार की नीयत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “रूल ऑफ लॉ” कमजोर हुआ है और जनसुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जिससे जनता में आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन मिलेगा।

संजय सेठ ने रांची के मतदाताओं से अधिकाधिक संख्या में घरों से निकलकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान केंद्र तक आए और अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट करे। रांची को आगे बढ़ाने के लिए वोट कीजिए।

एक्स पोस्ट में केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व आज है। बदरंग हो चुके शहर को विकास से रंगने का अवसर आज है। हर वार्ड के अंधकार को हटाकर रोशन करने का अवसर आज ही है। लंबे संघर्ष के बाद यह अवसर हर शहरवासी के जीवन में आया है। रांची सहित सभी झारखंडवासियों से अनुरोध है कि उठिए, और अपने शहर के बेहतरी के लिए मतदान करिए। याद रखिए, पहले मतदान, फिर कोई काम।

Exit mobile version