N1Live National यूपी: शाहजहांपुर में कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपति और दो बच्चों की मौत
National

यूपी: शाहजहांपुर में कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपति और दो बच्चों की मौत

UP: Car hits bike in Shahjahanpur, couple and two children killed

30 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। थाना पुवायां क्षेत्र के भुड़ा मैनारी गांव के पास ओवरब्रिज के नजदीक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दंपति और दो बच्चों की मौत हो गई।

सीओ पुवायां प्रवीन मालिक के अनुसार, निगोही थाना क्षेत्र के रामनगर बगिया के रहने वाले अरुण (35), पत्नी सीमा (32), बेटा नैतिक (4) और बेटी दीक्षा (5) बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में अरुण और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सीमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ पुवायां प्रवीन मलिक ने कहा कि बड़ा गांव हाईवे के फ्लाईओवर के ऊपर बोलेरो और बाइक की टक्कर हुई है। हादसे में बाइक सवार शख्स और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला को सीएचसी में भेजा गया था, जहां उसको भी मृत घोषित कर दिया गया। बोलेरो चालक को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।

Exit mobile version