June 24, 2026
National

यूपी: ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, बोले-सप्ताह में एक दिन पेट्रोल-डीजल बचाएं

UP: Finance Minister Suresh Khanna reached the assembly by e-rickshaw, said – save petrol and diesel one day a week.

उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने कर्मचारियों के साथ ई-रिक्शा से विधानसभा जाकर ईंधन संरक्षण और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दिया। इससे पहले वे साइकिल और मोटरसाइकिल से विधानसभा पहुंचे थे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से जो अपेक्षा की गई है, देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है पेट्रोलियम पदार्थों को कम से कम इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन इलेक्ट्रिकल व्हीकल से ऑफिस जाएंगे और इसी से वापस आएंगे। पीएम और सीएम की ओर से की गई अपील का परिणाम है कि हम उनके निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो दबाव बना हुआ है, इन लोगों को अपने मसले बातचीत से सुलझाना चाहिए। पूरी दुनिया को संकट में नहीं डालना चाहिए। मेरा मानना है कि देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि इस मौके पर अपने नेतृत्व के साथ खड़े हों और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए सप्ताह में एक दिन हम पेट्रोल और डीजल जरूर बचाएं।

इससे पहले 21 मई को सुरेश खन्ना बाइक से विधानसभा पहुंचे थे तब उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो परिस्थितियां बनी हैं, उसकी वजह से नेताओं से तेल पर निर्भरता कम होने की अपेक्षा है।

सुरेश खन्ना ने कहा था कि पीएम मोदी और सीएम योगी की ओर से की गई अपील का हम पालन कर रहे हैं। आज हम गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने सभी लोगों से पीएम मोदी की अपील का पालन करने का आग्रह किया।

सुरेश खन्ना 14 मई को साइकिल चलाकर ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी यह भी है कि हम ईंधन बचाएं, क्योंकि इसे आयात करने में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। हमारी ईंधन की लगभग 85–86 प्रतिशत जरूरतें आयात से ही पूरी होती हैं, जिससे विदेशी मुद्रा पर काफी खर्च होता है। मौजूदा वैश्विक हालात और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और चुनौतीपूर्ण हैं।

Leave feedback about this

  • Service