ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े कारोबारी आयोजनों में शामिल यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 का आगाज होने जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस ट्रेड शो का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं ग्रेटर नोएडा पहुंचकर गृह मंत्री का स्वागत करेंगे।
25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से निवेशक, उद्यमी, खरीदार और कारोबारी प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रेड शो को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज लोकल पोटेंशियल को ग्लोबल संभावनाओं से जोड़ते हुए समृद्धि और संभावनाओं की नई उड़ान भर रहा है। उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 में देश-दुनिया से पहुंचे निवेशकों, उद्यमियों और वैश्विक कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों का ‘नए उत्तर प्रदेश’ में स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उद्यम, उत्पाद और संभावनाओं को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में ग्रेटर नोएडा में आज एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमित शाह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 का शुभारंभ करेंगे। लोकल टू ग्लोबल और मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्ड के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश अपने उत्पाद, क्षमता और नवाचार को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए तैयार है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का यह संस्करण व्यापार के साथ-साथ तकनीक और प्रतिभा को भी नए अवसर देने पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाला यह ट्रेड शो ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टैलेंट को नए अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक उत्पादों से लेकर आधुनिक तकनीक, विनिर्माण, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन सहित कई क्षेत्रों को वैश्विक खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिभा, तकनीक और उत्पादन को वैश्विक पहचान से जोड़ने की दिशा में इस अभियान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन वर्षों में नवाचार को अवसर, निवेश को विश्वास और विनिर्माण क्षेत्र को नया सामर्थ्य मिला है। लोकल टू ग्लोबल की दृष्टि तथा मेक इन इंडिया मेक फॉर दि वर्ल्ड के मंत्र ने स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के नए अवसरों, निवेश के अनुकूल वातावरण और बढ़ती विनिर्माण क्षमता के साथ ‘मेक इन इंडिया’ भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने और वैश्विक अर्थव्यवस्था के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सामर्थ्य से ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्धि की ओर ले जाने वाली यह यात्रा देश के औद्योगिक आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दे रही है।
उन्होंने इस परिवर्तनकारी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। इधर, ट्रेड शो के उद्घाटन को लेकर ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा, यातायात और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी प्रतिनिधियों के पहुंचने के कारण एक्सपो मार्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।


Leave feedback about this