June 8, 2026
National

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा आज से शुरू, सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं

UP Police Constable Recruitment written exam begins today, CM Yogi wishes candidates well

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। कौशांबी से लेकर मुरादाबाद और प्रयागराज तक भर्ती परीक्षा के लिए तैयारियां लगभग पूरी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सम्मिलित हो रहे सभी अभ्यर्थियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दीजिए। आपकी मेहनत अवश्य सार्थक होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। आप सभी की सफलता के लिए अनंत मंगलकामनाएं।” यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 28,86,797 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।

परीक्षा के आयोजन के लिए अधिकारियों ने राज्य भर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा हर दिन दो पालियों (शिफ्ट) में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए परीक्षा की तय अवधि के अलावा अतिरिक्त पांच मिनट भी दिए जाएंगे।

कौशांबी जिले में पुलिस भर्ती को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट है। जिले में कुल 8 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर नजर रखने के लिए जिला कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। एएसपी अमिता सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह परीक्षा उत्तर प्रदेश कांस्टेबल, सिविल पुलिस और समकक्ष पदों के लिए सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा है, जो 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जा रही है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल रोकने के लिए हर परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर ही एक सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया गया है, साथ ही एक जिला कंट्रोल रूम भी है जो सभी परीक्षा केंद्रों की एक साथ निगरानी करेगा।”

प्रयागराज में नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। साथ ही कड़ी सुरक्षा, बायोमेट्रिक सत्यापन और लाइव सीसीटीवी कैमरे की निगरानी रहेगी। अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रोडवेज और रेलवे को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी को असुविधा न हो।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को दो-दो पालियों में परीक्षाएं होनी हैं। हर पाली में 16 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए बहुत ही विस्तृत तैयारी हम लोगों ने की है। पूरी मशीनरी हाईअलर्ट पर है। एसटीएफ और एलआईयू की टीमें भी इसमें जुटी हैं, ताकि कहीं कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है या नकल माफिया तंत्र भी गतिविधि करता है तो तुरंत एक्शन लिया जाए।

वहीं, मुरादाबाद में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा के लिए रात में ही बस स्टैंड और अन्य जगहों पर पहुंचे। जिले में 28 केंद्रों पर इस परीक्षा को कड़ी निगरानी के बीच कराया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service