April 23, 2026
Entertainment

अदाकारा दिव्यांका सिरोही के निधन पर उत्तर कुमार ने जताया गहरा शोक

Uttar Kumar expressed deep grief over the demise of actress Divyanka Sirohi.

23 अप्रैल । हरियाणवी मनोरंजन जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री दिव्यांका सिरोही का कम उम्र में निधन हो गया है। इस खबर के सामने आने के बाद से ही पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। हरियाणनी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता उत्तर कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया।

उन्होंने बुधवार को इंस्टाग्राम पर पुराना वीडियो शेयर कर अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी। वीडियो में उत्तर और दिव्यांका एक साथ रील बनाते नजर आ रहे हैं, जिसमें दोनों की बॉन्डिंग और दिव्यांका की मुस्कुराहट साफ देखी जा सकती है।

वीडियो पोस्ट करते हुए अभिनेता ने लिखा, “दिव्यांका सिरोही का छोटी सी उम्र में हम सबको छोड़कर जाना बहुत ही दुखद है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

दिव्यांका सिरोही हरियाणवी इंडस्ट्री का उभरता हुआ चेहरा थीं। उनके निधन से इंडस्ट्री समेत फैंस भी दुखी हैं।

मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश स्थित घर पर दिल का दौरा पड़ने से वे जमीन पर गिर गई थीं, जिसके बाद घर वाले उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने दिव्यांका सिरोही को मृत घोषित कर दिया था।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली अभिनेत्री दिव्यांका गाजियाबाद में अपने माता पिता के साथ रहती थीं। शिक्षा पूरी करने के बावजूद उनका झुकाव बचपन से ही अभिनय और डांस की ओर था। यही जुनून उन्हें धीरे-धीरे मनोरंजन जगत की ओर लेकर आया।

शुरुआत में अभिनेत्री टिक टॉक में वीडियो बनाया करती थीं। एक फेस्टिवल के मौके पर बनाया गया उनका डांस वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने सुनंदा शर्मा के लोकप्रिय गाने पर परफॉर्मेंस दी थी। इस वीडियो को लाखों लोगों ने पसंद किया और देखते ही देखते उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई।

इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग लगातार बढ़ती चली गई और उन्हें हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने के मौके मिलने लगे। धीरे-धीरे उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और दर्शकों के बीच पहचान बना ली। अभिनेत्री ने अपने करियर में सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काफी गाने किए।

Leave feedback about this

  • Service