March 18, 2025
Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश : हरेंद्र सिंह रिंकू बने संभल के दोबारा भाजपा अध्यक्ष, शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

Uttar Pradesh: Harendra Singh Rinku became BJP president of Sambhal again, expressed gratitude to top leadership

संभल, 17 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पार्टी अध्यक्ष के लिए हरेंद्र सिंह रिंकू पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्हें दोबारा संभल भाजपा इकाई का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। हरेंद्र सिंह रिंकू ने इस पदभार के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।

हरेंद्र सिंह रिंकू के दोबारा संभल भाजपा अध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने हरेंद्र सिंह रिंकू को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। हरेंद्र सिंह रिंकू ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए इस जिम्मेदारी के लिए एक बार फिर उन पर भरोसा जताने पर धन्यवाद दिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री गुलाबो देवी भी मौजूद रहीं।

हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा, “मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, संगठन के सभी पदाधिकारियों, मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ लोगों को धन्यवाद देता हूं। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि संगठन ने एक बार फिर जो मेरे ऊपर विश्वास किया है, सारे कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलूंगा। हम सभी मिलकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।”

उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री गुलाबो देवी ने कहा, “जिलाध्यक्ष नियुक्त करना हमारे संगठन की प्रक्रिया है। इसके तहत जो भी निर्णय लिया जाता है, वो सभी के लिए सर्वमान्य होता है। उसी के आधार पर हरेंद्र सिंह रिंकू को एक बार फिर संभल का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस फैसले के लिए हम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने जो भी फैसला लिया, वो पार्टी के हित में लिया।”

भाजपा ने प्रदेश के कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों को नियुक्ति की है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट के लिए सभी को बधाई दी।

सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सभी नवनियुक्त जिला एवं महानगर अध्यक्ष गण को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों का पालन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे और उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी जी के सुरक्षा एवं सुशासन के अभियान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे। सभी को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं!”

Leave feedback about this

  • Service