June 8, 2026
National

उत्तराखंड : दूल्हे की डिमांड सुनकर दुल्हन के पिता की मौत, बारातियों की हुई पिटाई

Uttarakhand: Bride’s father dies after hearing groom’s demands, wedding party members beaten up

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के खटीमा में एक मैरिज हॉल में रविवार रात उस समय खुशी का माहौल मातम में बदल गया, जब निकाह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद के बीच दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुल्हन के पिता की मौत की खबर मिलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित लोगों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बनाकर मारपीट की। यह घटना वार्ड नंबर-7, इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है, जहां बरेली के बड़ा फरीदपुर से सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात आई थी। बारात के स्वागत तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़के पक्ष लगातार दहेज की मांग बढ़ाते रहे। पहले स्कूटी की मांग की गई, बाद में उसकी जगह अपाचे बाइक और एक लाख रुपए नकद की मांग रखी गई। वहीं, निकाह के दौरान लड़की पक्ष ने पांच लाख रुपए मेहर तय करने की बात कही, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपए पर अड़ा रहा। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।

इसी विवाद के बीच तनावग्रस्त दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। अस्पताल में उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों के साथ मारपीट की।

हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप एक मकान की छत से कूदकर भागना पड़ा। इस दौरान छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। विवाद के दौरान मैरिज हॉल में कुर्सियां तोड़ी गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कोतवाल विजेंद्र शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने महिला, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता जारी रही।

कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि समझौता नहीं होता है, तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave feedback about this

  • Service