उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में चीमा चौराहे के पास स्थित फर्नीचर के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार गोदाम से उठती ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा फर्नीचर, फोम और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए।
यह घटना काशीपुर के व्यस्ततम चीमा चौराहे के पास स्थित इस फर्नीचर गोदाम में हुई, जिस समय गोदाम आग लगी वहां बड़ी मात्रा में फर्नीचर, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी की चिंगारी से फोम में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही काशीपुर अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए इंडिया ग्लाइकोल लिमिटेड, नैनी पेपर मिल और सिद्धार्थ पेपर मिल सहित आसपास की औद्योगिक इकाइयों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी अग्निशमन वाहनों को मौके पर लगाया गया। डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अग्निशमन कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
उधर, आग लगने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खाली कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गोदाम के आसपास बने मकानों में रहने वाले परिवारों में भी दहशत का माहौल रहा। आग की लपटें उनके घरों तक पहुंचने की आशंका से लोग घबरा गए। कई परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।

