N1Live National उत्तराखंड: चमोली में अतिवृष्टि बनी आफत, सड़कों और दुकानों में भरा मलबा और पत्थर
National

उत्तराखंड: चमोली में अतिवृष्टि बनी आफत, सड़कों और दुकानों में भरा मलबा और पत्थर

Uttarakhand: Heavy rainfall wreaks havoc in Chamoli; roads and shops filled with debris and stones.

26 जून । उत्तराखंड के चमोली जिले में पहली ही बारिश आफत बन गई है। जिले के नारायणबगड़ गांव में अतिवृष्टि होने से भारी मात्रा में मलबा सड़कों पर आ गया है। तेज बहाव के साथ आए मलबे से कई दुकानों में मलबा और पत्थर भर गए जबकि कई वाहन भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

साथ ही प्रभावित दुकानों और अन्य नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। बारिश के इस पहले ही दौर में हुई इस घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद की तस्वीरें काफी डरावनी हैं। सड़कों पर मलबे और तेज बहाव की वजह से गाड़ियां फंस गई हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति दुकानों और ऑफिसों की है। दुकानों और ऑफिसों में भी भारी मात्रा में मलबा भर गया है। इस घटना के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। सरकार की ओर से लोगों के साथ खड़े रहने की बात की गई है और हर संभव मदद करने की बात कही गई है।

बता दें कि आपदा के दृष्टि से चमोली पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। बीते वर्ष भी लोगों को भीषण आपदा का सामना करना पड़ा था। थराली में मलबे में कई दुकानें दब गई थीं।

Exit mobile version