7 मई । अभिनेता वेदांग रैना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर काफी चर्चाओं में है। इस फिल्म में उन्होंने मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान के साथ मिलकर रोमांटिक गाना ‘मस्कारा’ रिलीज किया, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी गाने की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक वीडियो वेदांग ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वह इस मौके को लेकर कितने उत्साहित और नर्वस भी हैं।
वीडियो में वेदांग रैना ने इस मौके को अपने जीवन का बेहद खास पल बताया। उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले तक मैं ए. आर. रहमान के बनाए गानों के कवर बना रहा था, लेकिन अब उनके साथ ही एक गाना रिकॉर्ड करने का मौका मिला। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। मेरे पास इस खुशी को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।”
वेदांग ने कहा, ”मैं इस गाने को अपने बचपन के उस छोटे बच्चे को समर्पित करता हूं, जो लगातार रहमान के एल्बम ‘रोजा’ को सुनता रहता था और संगीत में करियर बनाने का सपना देखता था।”
इसके साथ ही वेदांग ने फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, ”मैं इम्तियाज अली का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाया। यह मौका मेरे लिए सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर रहा, जिसमें मैंने अपने सपनों को बहुत करीब से देखा।”
फिल्म के गाने ‘मस्कारा’ को ए. आर. रहमान ने संगीत दिया है, जबकि इसे वेदांग के साथ-साथ नीलांजना घोष ने भी अपनी आवाज दी है। इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह गाना युवा प्यार की उन भावनाओं को दिखाता है, जो अक्सर बिना कहे महसूस की जाती हैं।
‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी वाघ जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म को अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज होगी।


Leave feedback about this