September 23, 2026
National

ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 10 दोपहिया वाहन बरामद

ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एनसीआर और आसपास के जनपदों में रेकी करने के बाद मौका पाकर दोपहिया वाहनों को चोरी करते थे और चोरी के वाहनों को जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखते थे। पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को थाना दनकौर पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से वाहन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुपरटेक अपकंट्री तिराहे के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित सिंह पुत्र बुद्धपाल और रामजी उर्फ कपिल पुत्र रामसनेही के रूप में हुई है। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए चोरी के वाहनों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों में से दो मोटरसाइकिलों का संबंध थाना दनकौर में दर्ज चोरी के मुकदमों से भी पाया गया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले वाहन चोरी करने के लिए इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर दोपहिया वाहन चोरी कर लेते थे।

चोरी किए गए वाहनों को तत्काल अपने पास रखने के बजाय जंगल और सुनसान स्थानों की झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। इसके बाद जरूरत और मौका देखकर इन वाहनों को आगे खपाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस अब बरामद किए गए सभी वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गिरोह ने एनसीआर और आसपास के जिलों में कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है।

गिरफ्तार आरोपी शोभित सिंह मूलरूप से नया गांव, थाना मदनापुर, जिला शाहजहांपुर का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है। वर्तमान में वह कस्बा और थाना कासना, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी रामजी उर्फ कपिल मूल रूप से राजौआ खुर्द, थाना रौजा, जिला शाहजहांपुर का निवासी है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है और वह भी वर्तमान में कस्बा व थाना कासना, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना दनकौर में अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद दो अवैध चाकुओं को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद दोपहिया वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और संबंधित थानों में दर्ज मामलों से उनका मिलान किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service