June 24, 2026
National

दिल्ली के मंडावली क्षेत्र से वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, बाइक-स्कूटी बरामद नई दिल्ली,

Vehicle theft suspect arrested in Delhi’s Mandawali area, bike, scooter recovered

दिल्ली के पूर्वी जिले की मंडावली थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं। आरोपी पहले भी चोरी के तीन मामलों में शामिल रह चुका है।

उसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, पूर्वी जिले में वाहन चोरी, स्नैचिंग और स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए एसीपी मयूर विहार की निगरानी और थाना प्रभारी मंडावली के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम में हेड कांस्टेबल ओमवीर, कांस्टेबल भूपेंद्र शर्मा, दीपक, प्रदीप, रामकेश और विजेंदर शामिल थे।

पुलिस टीम लगातार इलाके में गश्त, निगरानी, स्थानीय सूचना जुटाने और तकनीकी विश्लेषण के जरिए सक्रिय अपराधियों की पहचान करने में लगी हुई थी। 27 मई को पुलिस को सूचना मिली कि मंडावली इलाके में एक वाहन चोर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तकनीकी निगरानी के साथ सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण शुरू किया।

लगातार निगरानी और कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दीपक (28) के रूप में हुई है, जो दक्षिण गणेश नगर, मंडावली का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो दोपहिया गाड़ियां बरामद कीं। इनमें एक मोटरसाइकिल शामिल है, जो 7 मई को मंडावली थाने में दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित है।

दूसरी बरामद गाड़ी होंडा एक्टिवा स्कूटी है, जो 23 मई को दरियागंज थाने में दर्ज वाहन चोरी के मामले से जुड़ी हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह और किन मामलों में शामिल रहा है। साथ ही चोरी के वाहन खरीदने और बेचने वाले अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। –आईएएनएस एएमटी/वीसी

Leave feedback about this

  • Service