टेलीविजन इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के पति और प्रोड्यूसर विक्की जैन ने शनिवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर वीजे फ्रेम्स प्रोडक्शन हाउस की घोषणा की इस बैनर की पहली फिल्म एक्शन फ्रैंचाइजी होगी, जिसका निर्देशन रैमो डिसूजा करेंगे। इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव अहम भूमिका में नजर आएंगे। अपने जन्मदिन पर बैनर की घोषणा करते हुए विक्की जैन ने कहा कि ‘वीजे फ्रेम्स’ के जरिए वे बड़े पैमाने वाली कमर्शियल फिल्में बनाने का प्लान कर रहे हैं।
विक्की ने कहा, “‘वीजे फ्रेम्स’ को लॉन्च करना मेरा सपना था, जिसे लॉन्च करने में मुझे सालों लग गए और इस सफर को शुरू करने के लिए मेरे जन्मदिन से अच्छा अवसर और कोई नहीं हो सकता है। सिनेमा ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। ‘वीजे फ्रेम्स’ के साथ मैं ऐसी कहानियां लेकर आने की उम्मीद करता हूं, जो एंटरटेन करने के साथ दर्शकों से जुड़े और उनके मन में एक गहरा असर छोड़ जाए।”
उन्होंने कहा, “रेमो के साथ-साथ जबरदस्त कास्ट के साथ एक्शन फ्रैंचाइजी की शुरुआत करना इसे और भी खास बनाता है। यह तो बस शुरुआत है और मैं आगे आने वाली हर चीज के लिए उत्साहित हूं।” निर्देशक-कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने भी नए बैनर के साथ काम करने को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा, “वीजे फ्रेम्स की पहली फिल्म निर्देशित करने के लिए मैं बहुत खुश हूं। विक्की एक साफ विजन और सिनेमा के लिए सच्चे पैशन के साथ आए हैं और उनके साथ इस सफर का हिस्सा बनना एक्साइटिंग है।”
फिल्म में अपनी बेहतरीन कास्ट को लेकर रेमो ने कहा, “हमारे पास उम्दा कलाकारों की टीम हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव शानदार लोग हैं और मैं कुछ बेहतर बनाने जा रहा हूं, जो हमारे दर्शकों के लिए मनोरंजक, एक्शन से भरपूर और मजेदार हो।”
विक्की जैन को टीवी सुपरस्टार पत्नी अंकिता लोखंडे के साथ रियलिटी शो में आने के बाद काफी पहचान मिली थी। फिल्म ‘हक’ में एक सह-निर्माता के रूप में काम करने के बाद विक्की जैन अब उन्होंने फिल्म प्रोडक्शन में भी कदम रख लिया है।

